5.36 करोड़ की 500 साइकिलें धूल खा रहीं, ट्रैक भी उखड़ा

साइकिलें धूल खा रहीं
  • पीपीपी मोड पर साइकिलों का संचालन शुरू करने की तैयारी

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। लगभग एक साल से बंद पड़ी चार्टर्ड की स्मार्ट साइकिल जल्दी ही सडक़ों पर दौड़ती हुई नजर आएंगी। इंटर स्टेट बस टर्मिनल स्थित चार्टर्ड कंपनी के डिपो में लगभग 500 स्मार्ट साइकिलें और ई-बाइक लगभग एक साल से धूल खा रही हैं। इसे लेकर लोगों ने कई बार वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत की, लेकिन संचालन शुरू नहीं हो सका।
लेकिन 18 अक्टूबर को डिपो में बड़ी आगजनी की घटना के बाद नगर निगम प्रशासन की नींद टूटी और दो दिन बाद कबाड़ हो रहीं इन साइकिलों का संचालन फिर से शुरू करने के आदेश जारी कर दिए गए। बता दें कि इन साइकिलों को पहले की ही तरह पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मोड (पीपीपी मोड) पर संचालित किया जाएगा। जिसके लिए ऑपरेटर की तलाश शुरू कर दी गई है। बता दें कि इन साइकिलों का संचालन 25 जून 2017 को शुरू हुआ था और 9 नवंबर 2025 तक इनका संचालन नियमित रूप से होता रहा, लेकिन पुराने ऑपरेटर का एग्रीमेंट रिन्यू न होने के बाद इस सेवा को रोक दिया गया था, जिसके चलते लोग स्मार्ट साइकिल सुविधा ई-बाइक का लाभ नहीं ले पा रहे थे।
लोगों ने 2 लाख 38 हजार किमी चलाईं साइकिलें
स्मार्ट सिटी कंपनी से मिली जानकारी के अनुसार संचालन की अवधि के दौरान लोगों ने इन साइकिलों से 2 लाख 23 हजार 380 किलोमीटर की दूरी तय की थी। ऐसे में वाहनों से निकलने वाली लगभग 223 टन कार्बन डाइआक्साइड का उत्सर्जन कम हुआ। इसके अलावा हाइड्रोकार्बन सहित अन्य जहरीले तत्वों को भी उत्सर्जित नहीं होने दिया गया। एक अनुमान के मुताबिक यदि 20 साल पुराने 10 हजार 154 पेड़ों को एक साथ लगाया जाए, तब जाकर इतनी कार्बन डाई ऑक्साइड का उत्सर्जन रुकता है। इसके अलावा इन साइकिलों का सबसे ज्यादा लाभ कोचिंग और कॉलेज जाने वाले छात्र, 5 से 6 किमी की दूरी तय कर कार्यालय जाने वाले लोग और कसरत करने वाले लोग करते थे, लेकिन योजना के बंद हो जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक नजर में स्मार्ट साइकिल सुविधा
– योजना की शुरुआत 25 जून 2017
– संचालित साइकिलें: 500
– साइकिलों की लागत 5 करोड़ 36 लाख रुपए
– कब बंद हुई योजना 10 नवंबर 2025
– योजना बंद होने का कारण: एग्रीमेंट रिन्यू न होना
साइकिलों के साथ ट्रैक भी सुधारने होंगे
साइकिलों को सडक़ों पर उतारने के साथ संचालन के लिए बनाए गए दो ट्रैक भी नगर निगम को सुधारने होंगे। आरआरएल से मिसरोद और पॉलिटेक्निक चौराहे से लेकर स्मार्ट पार्क तक दो विशेष ट्रैक बनाए गए हैं। वर्तमान में यह ट्रैक उखड़ चुके हैं, जिसके कारण साइकिलों का संचालन भी मुश्किल होगा। इसके अलावा ट्रैक पर दो पहिया वाहनों को रोकने के लिए लगाए गए खंभे भी उखड़ गए हैं। शहर में स्मार्ट साइकिलों का संचालन फिर से करने के लिए कहा है। संचालन पीपीपी मोड पर होगा, जल्दी ही ऑपरेटर को तलाश कर फिर से काम शुरू कराया जाएगा।

Related Articles