देशभर में 30 हजार करोड़ का राखी कारोबार

राखी कारोबार
  • मध्य प्रदेश में 2000 करोड़… बाजारों में ज्वैलरी की जबरदस्त मांग

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। भाई-बहन के प्रेम का पर्व रक्षाबंधन इस बार कारोबारियों के लिए भी खासा उत्साह लेकर आया। मध्यप्रदेश सहित देशभर में रक्षाबंधन को लेकर 30 हजार करोड़ रुपए से अधिक का रिकॉर्ड कारोबार हुआ। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के अनुसार इस कारोबार में अकेले राखियों की बिक्री का हिस्सा करीब 20 हजार करोड़ रुपए रहा। जबकि 10 हजार कारोबार राखियों के अलावा मिठाई, कपड़े, उपहार और अन्य सामान की भी बड़े पैमाने पर खरीदारी हुई। रक्षाबंधन के पर्व पर भोपाल में बाजारों में जबरदस्त रौनक रही। मध्य प्रदेश में अनुमानित 1500 से 2000 करोड़ और राजधानी भोपाल में अनुमानित 500 करोड़ का व्यापार माना जा रहा है। भोपाल के प्रमुख बाजारों- न्यू मार्केट, चौक, एमपी नगर और बैरागढ़ में राखी, मिठाई, गिफ्ट हैम्पर और कपड़ों की बिक्री में 25 से 30 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पर्व भारतीय परंपराओं के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और उद्यमिता को भी मजबूती देते हैं। इस वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को रक्षाबंधन पर व्यापक जनसमर्थन मिला। उपभोक्ताओं ने स्वदेशी और स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता दी। कैट मध्यप्रदेश के मीडिया प्रभारी धर्मेंद शर्मा नेबताया कि हस्तनिर्मित राखियों, स्थानीय कारीगरों के उत्पादों, पारंपरिक उपहारों, महिला स्वयं सहायता समूहों और एमएसएमई के उत्पादों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। व्यापारिक संगठन एफएमसीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के चेयरमैन सुनील जैन 501 के अनुसार महानगरों से लेकर छोटे शहरों, अर्ध-शहरी क्षेत्रों और ग्रामीण बाजारों तक खरीदारी का माहौल काफी मजबूत रहा। बाजारों में उमड़ी भीड़ और बढ़ी बिक्री ने त्योहारों की अर्थव्यवस्था के महत्व को एक बार फिर सामने रखा है।
महिलाओं के लिए 48 घंटे नि:शुल्क इंटरसिटी बस यात्रा की घोषणा
चार्टर्ड बस कंपनी ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अपने भाइयों और परिवारजनों से मिलने के लिए यात्रा करने वाली महिलाओं को 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त सुबह 6 बजे तक 48 घंटे के लिए महिलाओं को इंटरसिटी चार्टर्ड बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की थी। इस विशेष पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन पर अपने मायके, गृह नगर और परिवार तक पहुंचने वाली महिलाओं की यात्रा को आसान, सुविधाजनक और किफायती बनाना है। यह सुविधा इंदौर को भोपाल, सागर, उज्जैन, राजगढ़, धार, खरगोन, रतलाम, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, गुना, अशोकनगर, ब्यावरा सहित अन्य इंटरसिटी मार्गों पर उपलब्ध प्रमुख शहरों से जोडऩे वाले रहेगी। रक्षाबंधन के आसपास इंटरसिटी यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है। बड़ी संख्या में महिलाएं त्योहार मनाने के लिए अपने मायके और गृह नगर की ओर रवाना होती हैं। चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड के पूर्णकालिक निदेशक संयम गांधी ने कहा कि रक्षाबंधन ऐसा पर्व है, जो परिवारों को एक-दूसरे के करीब लाता है। महिलाओं के लिए यह अपने भाइयों और प्रियजनों से मिलने के लिए घर लौटने का विशेष अवसर होता है।
साडिय़ों की दुकानों पर रही भीड़
विमल साड़ी एम्पोरियम के संचालक नीलेश अग्रवाल के मुताबिक शोरूम में साडिय़ों के खरीदी के लिए रक्षाबंधन पूर्व महिलाओं की खासी भीड़ रही है। उन्होंने कहा कि सावन को लेकर इस बार साडिय़ों के कई रेंज बाजार में उपलब्ध हैं। सिल्क, जॉर्जेट, कॉटन, मिक्स्ड फैब्रिक की साडियां महिलाओं को पसंद आ रही हैं। इन साडिय़ों में चुनरी प्रिंट खासा पसंद किया जा रहा है। गोल्डेन बॉर्डर की लाइट वेट प्लेन साड़ी, लाइट वेट चुनरी प्रिंट जॉर्जेट साड़ी, तांत की कलरफुल साडिय़ा इस बार ट्रेंड में हैं।

Related Articles