- मेहलुआ-बीना-खिमलासा-मालथौन मार्ग का 67.116 किमी हिस्सा बनेगा फोरलेन
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। कैबिनेट से मेहलुआ-बीना-खिमलासा-मालथौन मार्ग को फोरलेन बनाने की मंजूरी मिलते ही सागर और विदिशा जिले के भाजपा नेताओं में इसका श्रेय लेने की होड़ मच गई है। सागर सांसद लता वानखेड़े से लेकर खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह, बीना विधायक निर्मला सप्रे और कुरवाई विधायक हरि सिंह सप्रे तक ने इसे अपने-अपने प्रयासों की उपलब्धि बताया है। यानी सडक़ एक, मंजूरी एक, लेकिन उपलब्धि के दावेदार कई हैं। इन नेताओं के साथ ही उनके समर्थक सोशल मीडिया पर दावा कर रहे हैं कि उनके नेता के अथक प्रयासों से ही फोरलेन सडक़ को मंजूरी मिली है। अब फोरलेन सडक़ बनेगी, तो क्षेत्र को फायदा होगा, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि 3,272 करोड़ की इस सौगात की श्रेय लेने का असली हकदार कौन है?
सांसद बोलीं- मेरी मेहनत से मिली मंजूरी: सागर सांसद लता वानखेड़े ने इसे अपनी मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि मेहलुआ-बीना-खिमलासा-मालथौन मार्ग को फोरलेन की मंजूरी दिलाने के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किए। उनके मुताबिक सडक़ बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापार व आवागमन को नई दिशा मिलेगी।
भूपेंद्र सिंह ने भी बताया अपना प्रयास: खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने फोरलेन सडक़ को मंजूरी का श्रेय अपने प्रयासों को दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से मेहलुआ-बीना-मालथौन फोरलेन की सौगात मिली है। सडक़ के फोरलेन होने से यातायात अधिक सुगम होने के साथ क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
मेरे अथक प्रयासों का परिणाम
बीना विधायक निर्मला सप्रे के समर्थकों ने इसे उनके अथक प्रयासों का परिणाम बताया। उनका कहना है कि परियोजना से बीना की रोड कनेक्टिविटी मजबूत होगी और भविष्य में बीना महत्वपूर्ण सडक़ कनेक्टिविटी जंक्शन के रूप में विकसित होगा।
मैंने शासन स्तर पर लगातार मांग रखी: कुरवाई विधायक हरि सिंह सप्रे ने कहा कि मेहलुआ-बीना-खिमलासा-मालथौन मार्ग कुरवाई विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि सडक़ की मांग को लेकर उन्होंने लगातार शासन स्तर पर प्रयास किए और मांग रखी थी।
सडक़ का कौन सा हिस्सा किसके विस में
इस सडक़ का मेहलुआ से बीना के बीच का हिस्सा कुरवाई विधायक हरि सिंह सप्रे के विधानसभा क्षेत्र में आता है। ऐसे ही बीना से खिमलासा से कुछ आगे तक का हिस्सा बीना विधायक निर्मला सप्रे के विधानसभा क्षेत्र में आता है। खिमलासा के बाद मालथौन तक का हिस्सा खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जबकि यह इलाका सांसद लता लानखेड़े का संसदीय क्षेत्र है।
कैबिनेट ने दी थी फोरलेन सडक़ को स्वीकृति
गत एक सितंबर को कैबिनेट ने मेहलुआ-बीना-खिमलासा-मालथौन मार्ग के 67.116 किमी हिस्से को फोरलेन, पेव्ड शोल्डर सहित हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल पर विकसित करने को मंजूरी दी है। परियोजना के लिए 2,776 करोड़ 83 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा भू-अर्जन और अन्य प्री-कंस्ट्रक्शन कार्यों के लिए 428 करोड़ 94 लाख और सुपरविजन चार्जेस के लिए 65 करोड़ 77 लाख रुपए राज्य बजट से दिए जाएंगे।
