
बिच्छू डॉट कॉम। पीएम नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में जापान में आयोजित एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेता भारतीय खिलाडिय़ों से मुलाकात की। पीएम ने एथलीटों से संवाद किया, उन्हें अपने अनुभव साझा करते देखा गया और कुछ खिलाडिय़ों को मिठाई खिलाकर उनकी पीठ थपथपाई। पैरा एथलीटों ने प्रधानमंत्री का ऑटोग्राफ भी लिया। पीएम ने कहा-पैरा खिलाडिय़ों ने बड़े मंच पर पदक जीतने के साथ-साथ करोड़ों देशवासियों का दिल भी जीत लिया है। यह साबित कर दिया कि ऊंची उड़ान हौसलों से होती है। प्रधानमंत्री ने बताया कि 2010 के एशियन पैरा गेम्स में भारत ने महज 14 पदक जीते थे, जो कि उस समय एक औपचारिकता जैसी लगती थी, लेकिन इस बार खिलाडिय़ों ने अपने परिश्रम की पराकाष्ठा दिखाते हुए कुल 114 पदक जीतकर एक नया इतिहास रचा है। इस शानदार प्रदर्शन में भारत ने 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक हासिल किए, साथ ही 5 विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। पीएम मोदी ने युवाओं की भागीदारी को आज के भारत की तस्वीर और भविष्य के भारत का उद्घोष बताया। उन्होंने कहा- प्रतियोगिता में 34 बेटियां पदक विजेता बनीं और चार स्पर्धाओं में तो पोडियम के तीनों स्थान पर भारत के ही खिलाड़ी काबिज रहे। उन्होंने उल्लेख किया कि इस बार 61 खिलाडिय़ों ने पहली बार इन खेलों में भाग लिया और पदक जीते।
