मंत्री प्रधान बोले- जिन शिक्षकों पर भरोसा था, उन्होंने धोखा दिया

मंत्री प्रधान

देशभर में बीते कई दिनों से विवादों में चल रहे नीट-यूजी के मामले में अब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों पर परीक्षा को सुरक्षित और निष्पक्ष तरीके से कराने की जिम्मेदारी थी, उन्होंने ही इसके साथ धोखा किया और परीक्षा की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया। दोबारा हुई नीट परीक्षा के बिना किसी गड़बड़ी के पूरे होने के बाद, शिक्षा मंत्री ने पहली बार इस मुद्दे पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि एनटीए ने शिक्षकों को बहुत संवेदनशील जिम्मेदारियां सौंपी थीं, लेकिन कुछ लोग इस भरोसे को बनाए रखने में नाकाम रहे। पहली परीक्षा में कुछ लोगों द्वारा किए गए विश्वासघात के कारण परीक्षा को रद्द करना पड़ा था। प्रधान ने विपक्ष की तरफ से लगाए गए सभी आरोपों का जवाब भी देते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर जमकर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि जब देश के 22 लाख से ज्यादा छात्र दोबारा होने वाली परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, तब राहुल गांधी सस्ती राजनीति कर रहे थे।

Related Articles