
लोकसभा में पेपर लीक से जुड़ा लोक परीक्षा संशोधन विधेयक, 2026 बुधवार को ध्वनि मत से पास हो गया। बिल पर मंगलवार को 9 घंटे चर्चा हुई। अब यह विधेयक आगे की चर्चा के लिए राज्यसभा में पेश किया जाएगा। विपक्ष की तरफ से राहुल गांधी बिल पर 50 मिनट बोले। विपक्ष के हंगामे के बीच बिल पास हुआ। इसके तहत पेपर लीक से जुड़े कानून सख्त कर दिए हैं। अब पेपर लीक से जुड़े अपराधों में अधिकतम 10 साल तक की जेल और 10 करोड़ रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। वहीं राज्यसभा में राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण संशोधन विधेयक (2026) बिल पास हो गया। अब जन-गण-मन की तरह वंदे मातरम को कानूनी संरक्षण मिलेगा। वंदे मातरम का अपमान, अनादर और गायन में बाधा डालना दंडनीय अपराध होगा। अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने छात्रों से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए इडियट, अंधभक्त और मूर्ख जैसे शब्दों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक छात्र ने उन्हें अलग-अलग सोच वाले लोगों के बारे में अपनी राय बताई थी। राहुल गांधी ने कहा-तीन तरह के लोग होते हैं.. विद्यार्थी, अंध भक्त और इडियट।
