चंबा में 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दो बच्चों समेत आठ पर्यटकों की मौत

पर्यटकों की मौत

बिच्छू डॉट कॉम। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बड़ा हादसा हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक कार के 500 मीटर गहरी खाई में गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार देर रात चुराह उपमंडल के बैरगढ़-सच दर्रा-किलर सडक़ पर हुई, लेकिन स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी शनिवार दोपहर को मिली। अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब कार हिमाचल प्रदेश के सबसे कठिन रास्तों में से एक, बर्फ से ढके सच दर्रे की ओर जा रही थी। चुराह से भाजपा विधायक हंस राज ने पीटीआई को बताया कि बचाव अभियान जारी है, लेकिन खड़ी ढलान और खराब मौसम के कारण शवों को निकाला नहीं जा सका है। इलाका दुर्गम है और वहां फोन का सिग्नल नहीं है। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान रविवार सुबह फिर से शुरू होगा। इससे पहले पता चला था कि कोलकाता और बंगलूरू से पहाड़ों की सैर करने आए दो बच्चों समेत आठ पर्यटक और टैक्सी चालक लापता हो गए हैं।

Related Articles