
बिच्छू डॉट कॉम। विमानन सुरक्षा और मौसम विज्ञान के क्षेत्र में भारत ने एक बड़ी छलांग लगाई है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय और दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ‘स्काईकास्ट’ नाम से अत्याधुनिक एविएशन वेदर इंटेलिजेंस और नाउकास्टिंग सुविधा का उद्घाटन हुआ है। आईजीआई एयरपोर्ट भारत का पहला ऐसा हवाई अड्डा बना है जहां उड़ानों के संचालन के लिए रियल-टाइम एटमॉस्फेरिक मॉनिटरिंग सिस्टम लगाया गया है। स्काईकास्ट सिस्टम नेक्स्ट-जेनरेशन मौसम विज्ञान प्लेटफॉर्म है। यह सिस्टम रडार विंड प्रोफाइलर, माइक्रोवेव प्रोफाइलिंग रेडियोमीटर, सोडार और ऑटोमेटेड वेदर स्टेशनों को एक साथ जोड़ता है। यह जमीन से लेकर करीब 10 किमी की ऊंचाई तक तापमान, आद्र्रता, हवा की गति-दिशा, वर्टिकल विंड स्ट्रक्चर और क्लाउड लिक्विड वॉटर कंटेंट की लगातार निगरानी करेगा।
