
आईआईटी बॉम्बे के बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वकोडे की आत्महत्या के बाद कैंपस में उपजे आक्रोश और विरोध-प्रदर्शनों के बीच प्रबंधन ने मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित करने का फैसला लिया है। पूर्व में 26 और 27 सितंबर को निर्धारित ये परीक्षाएं अब 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित की जाएंगी। जारी नोटिस के अनुसार, यह निर्णय छात्र प्रतिनिधियों के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद लिया गया है। इसके साथ ही आईआईटी-बॉम्बे ने छात्रों के बराबर प्रतिनिधित्व वाली एक नई समिति का भी गठन किया है। यह समिति परीक्षाओं के दौरान निगरानी करने वाले पर्यवेक्षकों के लिए नए नियम तय करेगी, ताकि छात्रों के हितों और उनकी सहूलियत का पूरा ध्यान रखा जा सके। इधर,संस्थान में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए कई बड़े निर्णय लिए जा रहे हैं। हॉस्टलों में एकल कमरों के बजाय ट्विन-शेयरिंग मॉडल लागू करने पर विचार किया जा रहा है। हॉस्टल के कमरों से सीलिंग फैन हटाने जैसी सुरक्षात्मक पहल की योजना भी बनाई जा रही है।
