
बिच्छू डॉट कॉम। भारतीय रेलवे वित्त वर्ष 2026-27 में सफर को आरामदायक और हाई-टेक बनाने के लिए कई बड़े बदलाव करने जा रहा है। रेल मंत्रालय ने टिकट कैंसिलेशन और रिफंड के नियमों में बदलाव से लेकर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को ट्रैक पर उतारने की तैयारी पूरी कर ली है। रिफंड की नई पॉलिसी 15 अप्रैल तक लागू होगी। इसके अलावा यात्रियों को इस साल 12 नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों की सौगात भी मिलेगी। रेलवे में इस वित्त वर्ष इसी तरह होने वाले 8 बड़े बदलावों के बारे में जानते हैं। रेलवे ने टिकट कैंसिल करने और रिफंड के नियम सख्त कर दिए हैं। अब अगर कोई यात्री ट्रेन छूटने से 8 घंटे पहले तक टिकट कैंसिल करता है, तभी उसे रिफंड मिलेगा। पहले यह समय 4 घंटे था, जिसे बढ़ाकर अब 8 घंटे कर दिया गया है। नए नियम 15 अप्रैल तक लागू होंगे। यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर यह है कि अब काउंटर टिकट कैंसिल कराने के लिए उसी स्टेशन या आखिरी स्टेशन पर जाने की जरूरत नहीं होगी। यात्री अब देश के किसी भी रेलवे स्टेशन के काउंटर पर जाकर अपना टिकट कैंसिल करा सकेंगे और रिफंड ले सकेंगे। लंबी दूरी के सफर को प्रीमियम बनाने के लिए रेलवे इस साल 12 वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। हावड़ा-कामाख्या रूट पर दो ऐसी ट्रेनें पहले ही शुरू की जा चुकी हैं।
