मेट्रो में सीट को लेकर हुए हिंसक विवाद में एक की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा कि अब सराय रोहिल्ला के एक क्लब में एक महिला पर जरा सी बीयर गिरने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि रघुवीर नगर निवासी दलजीत की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। नाइट क्लब के प्रबंधक, उसकी पत्नी और कर्मचारियों पर ये आरोप लगे हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में क्लब प्रबंधक और उसकी पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में तीन बाउंसर भी शामिल हैं। पिटाई के दौरान युवक माफी मांगता रहा, मगर आरोपियों को बिल्कुल भी रहम नहीं आया। उत्तरी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह घटना 10 अक्टूबर की देर रात सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में अशोक पार्क मेट्रो स्टेशन के पास स्थित टोर हाउस नाइट क्लब में हुई। मृतक दलजीत के परिवार में पत्नी पूजा, आठ साल का बेटा और पिता हैं। उत्तरी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार दलजीत पांच-छह दोस्तों के साथ पार्टी करने नाइट क्लब गया था। इसी दौरान जरा सी बीयर क्लब प्रबंधक की पत्नी पर गिर गया, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई।
