पत्थर खदान में चट्टान गिरने से 9 मजदूरों की मौत

पत्थर खदान

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के दक्षिण तालुक के मडापट्टना इलाके में गुरुवार सुबह एक पत्थर की खदान में बड़ा हादसा हो गया। खदान में काम के दौरान अचानक भारी चट्टान गिरने से नौ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए। पुलिस और राहत दल ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय मजदूर खदान में पत्थर तोडऩे का काम कर रहे थे। इसी दौरान करीब 40 फुट ऊंचाई से एक विशाल चट्टान उनके ऊपर आ गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उस समय खदान में लगभग 18 मजदूर काम कर रहे थे और चट्टान इतनी तेजी से गिरी कि उसके नीचे दबे मजदूरों को संभलने का मौका नहीं मिला। मृतक मजदूर बिहार और असम के रहने वाले थे तथा दैनिक मजदूरी पर कार्यरत थे। हादसे में घायल हुए मजदूरों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरे क्षेत्र को घेरकर मलबा हटाने का काम जारी है। अधिकारियों को आशंका है कि कहीं और मजदूर मलबे के नीचे दबे न हों, इसलिए तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है।

Related Articles