
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देश और दुनिया के निवेशकों को राज्य में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि यूपी 75,000 एकड़ का लैंड बैंक, सेक्टर-स्पेसिफिक पॉलिसी, इंसेंटिव और सिंगल-विंडो क्लियरेंस सिस्टम जैसी सुविधाएं प्रदान कर रहा है। गौतम बुद्ध नगर के जेवर में एम्बर और एसेंट-के सर्किट्स के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में यूपी में बड़ा परिवर्तन हुआ है, जिससे यह निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बन गया है। योगी ने कहा-पश्चिमी यूपी का जेवर क्षेत्र, जो कभी पहचान के संकट से जूझ रहा था, आज पूरी तरह बदल चुका है। कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। योगी ने कहा-सरकार ने 36 विभिन्न क्षेत्रों के लिए नीतियां बनाई हैं, निवेशक अपनी सुविधा के अनुसार क्षेत्र चुन सकते हैं। सरकार हर संभव सहयोग दे रही है। हमारे पास हर सेक्टर के लिए नीति है। निवेशक यहां आकर निवेश कर सकते हैं। सरकार समय पर इंसेंटिव देती है और सिंगल-विंडो क्लियरेंस की सुविधा उपलब्ध है। कोई भी निवेशक बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के अपने प्रोजेक्ट स्थापित कर सकता है। सीएम योगी ने कहा कि एम्बर ग्रुप और दक्षिण कोरिया की एसेंट-के सर्किट्स (प्राइवेट इंडिया-कोरिया जॉइंट वेंचर) द्वारा किए जा रहे 6,045 करोड़ रुपए के निवेश से रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
