
तेहरान। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका और इस्राइल से झगड़े में कुछ देशों ने बीच-बचाव की कोशिश शुरू कर दी है। उन्होंने कहा, हम भी शांति पसंद करते हैं, लेकिन अपनी सम्मान और स्वतंत्रता के साथ। हमने पिछले अपने हफ्ते सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को खो दिया। शायद कुछ लोगों ने हमें कम आंक लिया है। राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘कुछ देशों ने बीच-बचाव की कोशिशें शुरू कर दी हैं। स्पष्ट कर दूं कि हम इस इलाके में हमेशा शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अपने देश के सम्मान और स्वतंत्रता की रक्षा करने में कोई हिचकिचाहट नहीं दिखाएंगे।
ट्रंप के बिना शर्त आत्मसमर्पण के समझौते नहीं वाले बयान से कुछ समय पहले ही ईरानी राष्ट्रपति पेजेशकिन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि कुछ देशों ने मध्यस्थता के प्रयास शुरू कर दिए हैं। उन्होंने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया और न ही यह बताया कि किन देशों ने यह प्रयास शुरू किया है। उन्होंने आगे कहा कि हम इस क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन अपने देश की गरिमा और अधिकार की रक्षा करने में हमें जरा भी संकोच नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि मध्यस्थता उन लोगों को करनी चाहिए जिन्होंने ईरानी जनता को कम आंका और इस संघर्ष को भड़काया।
पेजेशकियन की ओर से यह बयान ऐसे समय में आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को बिना शर्त आत्मसमर्पण करने को कहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि ईरान के साथ किसी भी तरह का समझौता तभी होगा, जब वह बिना शर्त आत्मसमर्पण करेगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद ईरान में एक ‘बेहतरीन और स्वीकार्य नेतृत्व’ चुना जाएगा। इसके बाद अमेरिका और उसके सहयोगी देश मिलकर ईरान को तबाही के कगार से वापस लाने के लिए काम करेंगे। ट्रंप ने दावा किया कि इस प्रक्रिया के बाद ईरान की अर्थव्यवस्था पहले से ज्यादा बड़ी, बेहतर और मजबूत बनेगी। उन्होंने अपने बयान के अंत में नारा दिया- ‘मेक ईरान ग्रेट अगेन (एमआईजीए)’।
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर इस्राइल ने दक्षिणी लेबनान के शहर शिडोन में एक आवासीय इमारत को हवाई हमले में निशाना बनाया। रिपोर्ट के अनुसार, हमला शहर की अल-सिद्दीक मस्जिद के पास स्थित मकासेद इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल के ठीक नीचे वाले तल पर हुआ। यह खबर शिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने दी। हमले के बाद एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि, अभी तक हादसे में हताहतों या नुकसान की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
