US और इस्राइल को हमले करने से रोकेंगे: सर्गेई लावरोव

सर्गेई लावरोव

मॉस्को। रूस पश्चिम एशिया में गहराते तनाव के बीच ऐसी परिस्थितियां बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा, जिससे अमेरिका और इस्राइल की ओर से ईरान के खिलाफ किसी भी सैन्य कार्रवाई को ‘असंभव’ बनाया जा सके। यह बात रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने गुरुवार को कही। लावरोव राजदूतों की गोलमेज बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि रूस क्षेत्र के देशों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ लगातार बातचीत जारी रखेगा। उन्होंने कहा, रूस संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) और संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करेगा, ताकि किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई को रोका जा सके। लावरोव ने कहा, रूस ऐसा माहौल बनाने की कोशिश करेगा, जिससे अमेरिका और इस्राइल के सैन्य अभियानों को असंभव बनाया जा सकेगा।

लावरोव ने ईरान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई का जिक्र करते हुए इसके उद्देश्यों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि खुद अमेरिकी नेता भी स्पष्टतौर पर नहीं बता पा रहे हैं कि इन अभियानों का अंतिम लक्ष्य क्या है। उन्होंने दावा किया कि ईरान पर हमलों का एक मकसद फारस की खाड़ी के देशों के बीच और ईरान व उसके अरब पड़ोसियों के बीच विभाजन पैदा करना भी हो सकता है। लावरोव ने कहा कि ‘लायंस रोवर’ और ‘एपिक फ्यूरी’ नाम से जारी इन अभियानों का असली मकसद क्या है, यह खुद अमेरिकी नेता भी नहीं बता पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें कोई शक नहीं है कि ईरान पर हमलों का एक लक्ष्य खाड़ी देशों को आपस में बांटना और ईरान व उसके अरब पड़ोसियों की बच दूरी बढ़ाना भी हो सकता है। उनकी यह टिप्पणी उस समय आई है, जब पश्चिम एशिया में हालात तेजी से बदल रहे हैं। शनिवार को अमेरिका और इस्राइल ने ईरान के इलाके में संयुक्त सैन्य कार्रवाई की थी, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और कई वरिष्ठ अधिकारी मारे गए थे। इसके बाद तेहरान ने जवाबी हमले तेज किए हैं।

ईरान ने कई अरब देशों में ड्रोन और मिसाइल हमले किए। यह संघर्ष अब 6वें दिन में प्रवेश कर चुका है। तेहरान ने क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इस्राइली ठिकानों को भी निशाना बनाया है। वहीं, इस्राइल ने भी तेहरान पर अपने हमले जारी रखे हुए हैं और संघर्ष का दायरा लेबनान तक बढ़ाते हुए हिजबुल्ला को निशाना बनाया जा रहा है। रूसी विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि जिनेवा में अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडलों के बीच हुई हालिया बातचीत सकारात्मक माहौल के साथ खत्म हुई थी। दोनों पक्ष कुछ समझौतों के करीब पहुंच गए थे। हालांकि, लावरोव ने आरोप लगाया कि बाद में अमेरिका ने यह कहना शुरू कर दिया कि ईरान उनकी शर्तों को मानने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा, यह एक रणनीति है।

Related Articles