
- भोपाल में फूड सेफ्टी विभाग का छापा, जांच के लिए भेजे गए सैंपल
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। राजधानी में ऑनलाइन ग्रोसरी स्टोर से लेकर होटल और रेस्टोरेंट तक खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की जांच में कई खामियां सामने आई हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को स्विगी इंस्टामार्ट होटल शुभ इन, मिलन रेस्टोरेंट एवं कैटरिंग और ब्लिंकिट के प्रतिष्ठानों पर जांच की। नेहरू नगर स्थित ब्लिंकिट स्टोर में सबसे गंभीर लापरवाही सामने आई, जहां अमूल स्प्रे शिशु दुग्ध आहार के तीन पैकेट एक्सपायर्ड मिले। इसके अलावा कुछ खाद्य पैकेटों पर लेबलिंग और ब्रांडिंग में भी अनियमितता मिली। विभाग ने संबंधित उत्पादों के स्रोत, बिल, बैच और लेबल संबंधी रिकार्ड की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान चारों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं। इन्हें प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई तय होगी। स्विगी इंस्टामार्ट से भी नमूने लिए इससे पहले सोमवार की रात में बाग सेवनिया स्थित स्विगी इंस्टामार्ट में टीम पहुंची थी। यहां से घी, पैक्ड चना एवं नाइश कूकिस के तीन नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान लाइसेंस की निर्धारित शर्तों में कुछ उल्लंघन पाए गए। इनके संबंध में अभिहित अधिकारी द्वारा नियमानुसार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। लाइसेंसधारी खाद्य कारोबारकर्ता को उपस्थित होने के लिए निर्देशित किए जाने के बावजूद वह मौके पर उपस्थित नहीं हुआ। प्रकरण में संबंधित अभिलेखों एवं खाद्य पदार्थों के स्रोत का सत्यापन किया जा रहा है।
होटल में पेयजल से पेस्ट कंट्रोल की कमियां मिलीं
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के सामने होटल शुभ इन की रसोई और स्टोरेज की जांच में अधिकांश व्यवस्थाएं नियमानुसार मिलीं, लेकिन डस्टबिन, कर्मचारियों के मेडिकल चेकअप, पेयजल की पोटेबिलिटी रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल से जुड़ी कमियां मिलीं। यहां सैंडविच ब्रेड और बेसन के नमूने लिए गए।
रिपोर्ट मिलने के बाद की जाएगी कार्रवाई
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक ने बताया कि सभी प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट और संबंधित दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग रिकॉर्ड की कर रहा जांच
जानकारी के अनुसार ज्योति नगर स्थित स्विगी इंस्टामार्ट में करीब दो हजार से अधिक प्रकार के खाद्य पदार्थ स्टोर किए गए थे। इनमें फ्रो जन फूड, बच्चों के खाद्य पदार्थ, पनीर, घी, चिकन-मटन, मसाले, खाद्य तेल, आटा और ब्रेड सहित कई सामग्री शामिल थी। जांच में कोई एक्सपायर्ड उत्पाद नहीं मिला, लेकिन एफएसएसएआई लाइसेंस की निर्धारित शर्तों का उल्लंघन सामने आया। घी, पैक्ड चना और नाइस कुकीज के तीन नमूने लिए गए। विभाग संबंधित रिकॉर्ड और खाद्य पदार्थों के स्रोत की जांच कर रहा है।
मिलन रेस्टोरेंट को सुधार का नोटिस
एमपी नगर जोन-1 स्थित मिलन रेस्टोरेंट एवं कैटरिंग में किचन और स्टोरेज क्षेत्र की जांच के दौरान साफ-सफाई, पेस्ट कंट्रोल और कर्मचारियों के मेडिकल चेकअप में कमियां पाई गईं। विभाग ने सुधार नोटिस जारी कर व्यव्स्था सुधारने के निर्देश दिए। यहां खड़ी मिर्च, लाल सोयाबीन तेल, पिसा धनिया पाउडर, समोसा और बटर पनीर के नमूने लिए गए।
