
आईएनसी अब एमएमसी यानी मुस्लिम लीग माओवादी कांग्रेस: पीएम नरेंद्र मोदी
राजस्थान के अजमेर में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दो साल पहले राजस्थान में भर्तियों में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की खबरें अक्सर आती थीं। अब, राजस्थान में पेपर लीक बंद हो गए हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है। आज, इसी मंच से राजस्थान के 21,000 से ज्यादा युवाओं को अपॉइंटमेंट लेटर दिए गए हैं। यह एक बड़ा बदलाव है। वहीं समारोह के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा-एक समय था जब आईएनसी इंडियन नेशनल कांग्रेस हुआ करती थी, लेकिन अब आईएनसी नहीं रही। आज, आईएनसी की जगह यह एमएमसी बन गई है। एमएमसीका मतलब है कि यह मुस्लिम लीग माओवादी कांग्रेस बन गई है। पीएम मोदी ने कहा-इतिहास गवाह है कि मुस्लिम लीग भारत से नफरत करती थी, इसीलिए मुस्लिम लीग ने देश का बंटवारा किया। आज, कांग्रेस भी वही कर रही है। माओवादी भी भारत की खुशहाली, हमारे संविधान और हमारी सफल डेमोक्रेसी से नफरत करते हैं। निराशा और फ्रस्ट्रेशन में डूबी कांग्रेस ने दुनिया भर के मेहमानों के सामने देश की इमेज खराब करने की कोशिश की। उन्होंने विदेशी मेहमानों के सामने देश को बेइज्जत करने का ड्रामा किया। कांग्रेस पूरे देश में लगातार हार का सामना कर रही है, और वे भारत को बदनाम करके बदला ले रहे हैं।
मार्च से मई तक सामान्य से अधिक रहेगी तपन: मौसम विभाग
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इस साल फरवरी में पूरे देश में वर्षा 2001 के बाद सबसे कम दर्ज की गई। साथ ही फरवरी के दौरान देश में कहीं भी शीत लहर की स्थिति नहीं बनी और दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा। आईएमडी ने अनुमान जताया है कि मार्च से मई के बीच देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। इसके साथ ही इस अवधि में देश के ज्यादातर इलाकों में सामान्य से अधिक हीटवेव के दिन देखने को मिल सकते हैं, जिससे गर्मी का असर जल्दी और ज्यादा तीव्र होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में मार्च के पहले हफ्ते में तापमान में इजाफा होगा। अधिकतम तापमान बढक़र 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले एक हफ्ते में बादलों की आवाजाही या बारिश की संभावना नहीं है। गुजरात में 4 और 5 मार्च को कुछ इलाकों में बहुत गर्म और उमस भरी स्थिति बनी रह सकती है। वीकेंड तक मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री ज्यादा रहने की संभावना है।
एसआईआर: पश्चिम बंगाल में 5.46 लाख वोटर के नाम कटे
पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद तैयार की गई मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या 7.04 करोड़ से अधिक है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने शनिवार को यह जानकारी दी। अग्रवाल ने पत्रकारों को बताया कि एसआईआर के दौरान फॉर्म-7 के जरिये 5.46 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए। वहीं, फॉर्म-6 और फॉर्म 6-ए के जरिये 1.82 लाख से ज्यादा नए मतदाताओं को सूची में जोड़ा गया। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान 58 लाख से अधिक गणना फॉर्म प्राप्त नहीं हो सके। इनमें मृत मतदाता, स्थानांतरिक हो चुके मतदाता और दोहराए गए नामों के मामले शामिल हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी कहा कि अभी 60 लाख से अधिक मतदाता ऐसे हैं, जिनकी जांच या सत्यापन की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। हालांकि, उन्हें एसआईआर के बाद की मतदाता सूची में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि यह पूरा पुनरीक्षण कार्यक निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार किया गया है।
आज से बदलेंगे कई नियम, यात्रा, मोबाइल और गैस बजट पर पड़ेगा असर
1 मार्च से भारतीय रेलवे टिकट बुकिंग सिस्टम में बदलाव कर सकता है। पुराना यूटीएस ऐप बंद किया जा सकता है और अनारक्षित (जनरल) व प्लेटफॉर्म टिकट के लिए नया रेलवन ऐप अनिवार्य हो सकता है। यात्रियों को अब मोबाइल के जरिए टिकट लेना ज्यादा आसान तो होगा, लेकिन ऐप डाउनलोड करना जरूरी होगा। भारतीय रेलवे के साथ यह नया डिजिटल विकल्प काम करेगा। काउंटर टिकट की सुविधा सीमित होने की भी संभावना है, इसलिए नियमित यात्रियों को पहले से तैयारी करनी चाहिए। एलपीजी सिलेंडर के नए दाम- हर महीने की तरह 1 मार्च को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के रेट अपडेट हो सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर एलपीजी सस्ती या महंगी हो सकती है। अगर दाम बढ़ते हैं तो आम परिवारों के मासिक बजट पर असर पड़ेगा, वहीं कीमत घटने पर कुछ राहत मिल सकती है। सिम बाइंडिंग और मैसेजिंग ऐप्स पर सख्ती- 1 मार्च से सिम बाइंडिंग अनिवार्य हो सकती है। यानी वाट़्सएप और टेलीग्राम जैसे ऐप्स को एक्टिव मोबाइल नंबर से लिंक करना जरूरी होगा।
