बिच्छू राउंडअप/पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलेगी गुवाहाटी से कोलकाता, पीएम में करेंगे उद्घाटन

वंदे भारत

पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलेगी गुवाहाटी से कोलकाता, पीएम  में करेंगे उद्घाटन
देश को पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिलने जा रही है। भारतीय रेलवे ने इस स्लीपर ट्रेन के रूट का एलान भी कर दिया है। ये वंदे भारत ट्रेन गुवाहाटी से कोलकाता के बीच चलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। नए साल 2026 में 17 या 18 जनवरी के दिन इस ट्रेन की शुरुआत की जा सकती है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के बारे में जानकारी दी है। इस ट्रेन के अंदर की फोटो भी सामने आई हैं। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को आरामदायक बिस्तर (बेड) मिलने वाले हैं, जिससे लंबे सफर के दौरान यात्री अब वंदे भारत में सोते हुए भी जा सकेंगे। भारतीय रेलवे ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के रूट के एलान के साथ ही किराया भी जारी कर दिया है। ये स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी से हावड़ा के बीच चलेगी। इस ट्रेन में 3-एसी में सफर करने के लिए किराया 2,300 रुपए रखा गया है, जिसमें यात्रियों को खाना भी मिलेगा। वहीं 2-एसी का 3,000 और 1 एसी का किराया 3,600 रुपए रखा गया है।

शाहरुख का कोई चरित्र नहीं, वो देशद्रोही, जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा- गद्दार
फिल्म अभिनेता शाहरुख खान इन दिनों विवादों में आ गए हैं। लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि आईपीएल में उनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स है। दरअसल, केकेआर ने हाल ही में हुई आईपीएल की निलामी में एक बांग्लादेशी क्रिकेटर को करोड़ों की कीमत पर खरीदा है। इसके बाद से ही शाहरुख और केकेआर सनातन गुरुओं के निशाने पर हैं। जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने शाहरुख खान पर बांग्लादेशी क्रिकेटर को अपनी आईपीएल टीम में शामिल किए जाने पर निशाना साधा है। रामभद्राचार्य से जब शाहरुख को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा-शाहरुख खान हीरो नहीं हैं। देशद्रोही हैं। शहरुख खान का कोई चरित्र नहीं है। उनके सारे काम एक गद्दार जैसे रहे हैं। उनके सारे कृत्य हमेशा से एक गद्दार की तरह रहे हैं।

पाकिस्तान में वतन वापसी का
इंतजार कर रहे 167 भारतीय, मछुआरों की दूसरी सूची जारी
2008 के काउंसलर एक्सेस पर द्विपक्षीय समझौते के प्रावधानों के तहत भारत और पाकिस्तान ने गुरुवार को राजनयिक चैनलों के जरिए नई दिल्ली और इस्लामाबाद में एक साथ, एक-दूसरे की हिरासत में मौजूद नागरिक कैदियों और मछुआरों की सूची का आदान-प्रदान किया। इस बात की जानकारी विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई। बयान में कहा गया है कि भारत ने अपनी हिरासत में मौजूद 391 आम कैदियों और 33 मछुआरों की डिटेल लिस्ट शेयर की है। पाकिस्तानी हैं या जिनके पाकिस्तानी होने का शक है। इसी तरह पाकिस्तान ने अपनी हिरासत में मौजूद 58 आम कैदियों और 199 मछुआरों की डिटेल लिस्ट शेयर की है, जो भारतीय हैं या जिनके भारतीय होने का शक है। भारत सरकार ने पाकिस्तान की हिरासत से सिविल कैदियों, मछुआरों और उनकी नावों के साथ-साथ लापता भारतीय रक्षा कर्मियों को जल्द रिहा करने और वापस भेजने की मांग की है। पाकिस्तान से कहा गया है कि 167 भारतीय कैदियों को जल्द रिहा करे और वापस भेजे, जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है।

यूपी के अमरोहा में फास्ट फूड खाने से एक छात्रा की मौत
यूपी के अमरोहा में फास्ट फूड के सेवन की वजह से एक और मौत का मामला सामने आया है। नीट की तैयारी कर रही चुचैला कलां गांव की रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा इलमा कुरैशी की दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।  उसके दिमाग में गांठे बन गई थीं। परिजनों के मुताबिक इलमा का इलाज करने वाले डॉक्टर ने बताया था कि फास्ट फूड में प्रयोग की जाने वाली पत्ता गोभी के जरिए दिमाग में पहुंचे कीड़े ने गांठे बनाई थीं। छात्रा इलमा कुरैशी गांव चुचैला कलां गांव में रहने वाले नदीम कुरैशी की बेटी थी। नदीम कुरैशी नोएडा में कबाड़ का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी इलमा को एक महीने पहले सिर दर्द की शिकायत हुई थी। इलाज कराने से उसको आराम मिल गया था। कुछ दिन बाद इलमा को फिर से सिर दर्द की शिकायत हुई तो वह इलमा को नोएडा ले आए और उसका निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। यहां चिकित्सक ने इलमा का एमआरआई और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी।

Related Articles