बिच्छू राउंडअप/अग्नि-3 मिसाइल का सफल परीक्षण, 3500 किमी मारक क्षमता

अग्नि-3 मिसाइल का सफल परीक्षण, 3500 किमी मारक क्षमता
डीआरडीओ ने अब्दुल कलाम द्वीप से अग्नि-3 मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। यह मिसाइल 3500 किलोमीटर दूर बैठे दुश्मनों को निशाना बनाने में पूरी तरह सक्षम है। अग्नि-3 मिसाइल पहले ही सेना में शामिल की जा चुकी है। इसकी लंबाई 17 मीटर, व्यास 2 मीटर और इसका वजन करीब 50 टन है। यह अपने साथ 1.5 टन परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है। सन 2019 में पहली बार रात के समय इसका सफल परीक्षण किया गया था। आज फिर से इसका सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया है। अग्नि तीन लंबी दूरी तक वार करने वाली इंटरमीडिएट रेंज बैलिस्टिक मिसाइल है। 3500 से ज्यादा किलोमीटर तक प्रहार करने वाली तथा परमाणु क्षमता से लैस इस मिसाइल को ओडिशा के तट पर स्थित अब्दुल कलाम द्वीप से आज परीक्षण किया गया। यहां बताना उचित होगा की अग्नि तीन मिसाइल पहले ही सेना में शामिल की जा चुकी है। अग्नि-3 भारत की मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल है। यह दो-चरण वाली ठोस ईंधन वाली मिसाइल है, जिसकी लंबाई 16.7 मीटर, व्यास 2 मीटर और लॉन्च वजन 48,300 किलोग्राम है। यह 1,500 किलोग्राम तक का पेलोड ले जा सकती है, जिसमें न्यूक्लियर या ट्रेडिशनल वारहेड शामिल हैं, और इसकी उड़ान ऊंचाई 450 किमी से ज्यादा है। यह रेल-मोबाइल और रोड-मोबाइल प्लेटफॉर्म से लॉन्च की जा सकती है। इसकी सटीकता उन्नत नेविगेशन और गाइडेंस सिस्टम से आती है। 2006 से इसके कई सफल परीक्षण हो चुके हैं, और यह भारत की रक्षा क्षमता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
चांदी अब 2.41 और सोना 1.51 लाख पर आया, दो दिन में चांदी 41, सोना 6,669 रुपए तक गिरा
सोने-चांदी के दाम में शुक्रवार को भी भारी गिरावट दर्ज की गई। सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 13,155 रुपए गिरकर 2,41,184 रुपए प्रति किलो पर आ गई है। इससे पहले इसकी कीमत 2,54,339 रुपए थी। दो दिन में ये 41,278 रुपए सस्ती हो चुकी है। वहीं 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,013 रुपए कम होकर 1,51,489 रुपए पर आ गया है। इससे पहले ये 1,52,502 रुपए पर था। सोना दो दिन में 6,669 रुपए सस्ता हुआ है। इससे पहले 29 जनवरी से 2 फरवरी के बीच चांदी की कीमत 1.60 लाख रुपए कम हुई थी। वहीं, सोने की कीमत में 26 हजार रुपए कम हुई थी। इधर, वायदा कारोबार पर चांदी 4 लाख से घटकर 2.41 रुपए प्रति किलो पर आ गई थी। 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1.70 लाख से गिरकर 1.40 लाख पर आ गया था। हालांकि फिर दोनों के दाम में तेजी रही थी।
सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट का फैसला पलटा:  महिला के प्रजनन हक को मिली ‘सुप्रीम’ स्वतंत्रता
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को युवती की प्रजनन स्वतंत्रता को अजन्मे बच्चे के अधिकार से ज्यादा जरूरी बताया है। सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा-अगर कोई युवती प्रेगनेंसी कंप्लीट नहीं करना चाहती है, तो कोर्ट उसे मजबूर नहीं कर सकता। जस्टिस बीवी नागरत्ना की अध्यक्षता वाली बेंच ने बॉम्बे हाईकोर्ट के उस आदेश को खारिज कर दिया, जिसमें कोर्ट ने कहा था कि युवती को 30 हफ्तों की प्रेगनेंसी के बाद बच्चे को जन्म देना होगा। इसके बाद अगर वह बच्चा नहीं रखना चाहती तो वो उसे गोद दे सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने सुनाए अपने फैसले में युवती को 30 हफ्ते की प्रेग्नेंसी खत्म करने की इजाजत दे दी। साथ ही कोर्ट ने जोर देकर कहा कि किसी युवती को उसकी मर्जी के खिलाफ प्रेग्नेंसी जारी रखने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। नाबालिग लडक़ी 17 साल की उम्र में प्रेग्नेंट हुई थी और अब वह 18 साल और चार महीने की है। अब उसकी प्रेग्नेंसी 30 हफ्ते की हो गई। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बच्चा एक दोस्त के साथ रिश्ते से हुआ था और प्रेग्नेंसी जारी रखना लडक़ी के लिए मानसिक और शारीरिक दोनों तरह से दर्दनाक होगा। सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट की जांच करने के बाद पाया कि अगर प्रेगनेंसी खत्म करने की इजाजत दी जाती है तो लडक़ी को कोई गंभीर खतरा नहीं होगा।
मणिपुर में नए डिप्टी सीएम के विरोध में हिंसा, विरोधियों ने जलाए टायर और की पत्थरबाजी
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में बीती देर शाम हिंसा भडक़ गई। नए उपमुख्यमंत्रियों नेम्चा किप्गेन और लोसी दिखो के शपथ ग्रहण के खिलाफ प्रदर्शन हिंसक हो गया। जिले के तुइबोंग मेन मार्केट इलाके में सैकड़ों युवा प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों को वापस उनकी बैरक में धकेलने की कोशिश की। जब सुरक्षाबलों ने बात मानने से इंकार कर दिया तो पत्थरबाजी शुरू हो गई। कुछ लोगों ने सडक़ के बीच में टायर जला दिए। आदिवासी संगठन जॉइंट फोरम ऑफ सेवन ने कुकी-बहुल चुराचांदपुर में सुबह 6 से 12 घंटे का बंद बुलाया। वहीं, कुछ संगठनों ने नेमचा किपगेन को मारने वाले को 20 लाख और विधायकों एलएम खाउते, एन सेनाते को मारने वाले को 10-10 लाख इनाम देने का ऐलान किया है।

Related Articles