
पीएम मोदी का हमला: देश के नागरिकों में भय पैदा कर रही कांग्रेस
पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पर एक बड़े ग्लोबल संकट का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी भडक़ाऊ और गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रही है, जिससे विदेश में भारतीयों के लिए स्थिति और खराब हो सकती है। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि खाड़ी में हमारे सभी दोस्त देशों की सरकारें हमारे नागरिकों का ध्यान रख रही हैं। उन देशों में हमारे मिशन और एम्बेसी उन्हें 24/7 मदद दे रहे हैं, लेकिन यह बहुत बड़ी बदकिस्मती है कि कांग्रेस पार्टी इतने बड़े ग्लोबल संकट के बीच भी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जानबूझकर हालात खराब करने के लिए भडक़ाने वाले और गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रही है। ताकि हमारे लोग उस संकट में फंसे रहें और फिर ये लोग मोदी को गाली देने वाली रील बनाने का कैंपेन शुरू कर सकें।
सुप्रीम कोर्ट ने दी हरीश राणा को इच्छामृत्यु की इजाजत
सुप्रीम कोर्ट ने 32 साल के हरीश राणा को इच्छामृत्यु की इजाजत देते हुए ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट में गमगीन माहौल देखने को मिला। फैसला सुनाते समय जस्टिस जे बी पारदीवाला बेहद भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गई थी। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस जे. बी. पारदीवाला और जस्टिस के वी विश्वनाथन की पीठ ने हरीश राणा के माता-पिता को उनकी जीवन रक्षक चिकित्सा हटाने की इजाजत दे दी है। हरीश राणा पिछले 13 साल से लगातार वेजिटेटिव स्टेट यानी कोमा में हैं। इससे पहले यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया था। इस मामले से सम्मानजनक मृत्यु के अधिकार यानी ‘राइट टू डाई विद डिग्निटी’ जैसे अहम सवाल भी जुड़े हुए थे। बुधवार को फैसला पढ़ते समय जस्टिस पारदीवाला ने कहा कि हरीश राणा कभी एक होनहार छात्र थे और अपनी पढ़ाई कर रहे थे, लेकिन एक दुर्घटना ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। मामले की परिस्थितियों का जिक्र करते समय जस्टिस पारदीवाला भावुक हो गए और कुछ समय के लिए उनकी आवाज भी भर आई।
एअर इंडिया एक्सप्रेस विमान की हार्ड लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित
थाईलैंड के फुकेट हवाई अड्डे पर एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की हार्ड लैंडिंग कराई गई। एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान-एक्स 938 ने हैदराबाद से उड़ान भरी थी। विमान निर्धारित समय से पहले फुकेट हवाई अड्डे पर पहुंचा और लैंडिंग के समय खराबी आ गई। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान के लैंडिंग गियर को नुकसान पहुंचा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान की लैंडिंग का निर्धारित समय 11:40 बजे था, लेकिन यह 11:24 बजे ही उतार लिया गया। विमान में चालक दल के सात सदस्य, 131 यात्री और दो शिशु सवार थे। जिस विमान में खराबी आई है, इसका निर्माण बोइंग कंपनी ने किया है। बोइंग के 737-800 मॉडल के इस विमान की पंजीकरण संख्या वीटी-बीडब्ल्यूक्यू है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विमान की हार्ड लैंडिंग होने के कारण लैंडिंग गियर के साथ-साथ सामने वाले हिस्से में भी नुकसान पहुंचा है। नुकसान के कारण विमान को तुरंत रनवे से हटाया नहीं जा सका है। हार्ड लैंडिंग के समय विमान की गति तेज थी। राहत की बात ये रही कि विमान में सवार किसी को भी चोट नहीं लगी है। तकनीकी खराबी के बावजूद, सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। फुकेट हवाई अड्डे के अधिकारियों ने घटना की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
देश में कई शहरों में मचा हाहाकार गैस खत्म, 2000 रेस्तरां बंद
अमेरिका-इजरायल-ईरान के बीच चल रहे संघर्ष की वजह से कच्चे तेल, एलएनजी और एलपीजी की आपूर्ति बाधित होने के हालात बने हैं। हालांकि, सरकार ने घरेलू इस्तेमाल की गैस की आपूर्ति हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की बात करें तो आपूर्ति में रुकावट की खबरें आ रही है। इसका असर मुंबई सहित कई राज्यों के होटल उद्योगों पर पड़ रहा है। मुंबई में मझोले और छोटे आकार के 20 प्रतिशत रेस्तरां बंद हो गए हैं और होटल उद्योग ने कहा है यदि आपूर्ति बाधित रही तो दो दिन भीतर 50 प्रतिशत तक रेस्टोरेंट और होटल जल्द ही बंद हो सकते हैं। बंगलूरू से भी ऐसी ही खबरें हैं। कई गैस एजेंसियों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के लिए पूछताछ में घबराहट बढ़ गई है, हालांकि डीलरों ने बुधवार को कहा कि फिलहाल स्टॉक पर्याप्त है। दूसरी ओर एक एलपीजी डीलर ने पीटीआई को बताया, व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की भारी कमी है, जिसके कारण शहर के कई होटल और रेस्तरां दबाव में काम करने के लिए मजबूर हैं। होटल और रेस्तरां मालिकों ने दोहराया कि उनका स्टॉक खत्म हो जाने पर उन्हें बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
