बिच्छू राउंडअप/देश के सात मेडिकल कॉलेजों पर एक-एक करोड़ जुर्माना

देश के सात मेडिकल कॉलेजों पर एक-एक करोड़ जुर्माना
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने सात निजी मेडिकल कॉलेजों की मनमानी पर बड़ा और सख्त एक्शन लिया है। इस कार्रवाई से सात राज्यों में हडक़ंप मच गया है। दरअसल, रविवार को एनएमसी ने केवल भोपाल के आरकेडीएफ पर ही कार्रवाई नहीं की, बल्कि देशभर के छह अन्य मेडिकल कॉलेजों पर भी एक-एक करोड़ का जुर्माना लगाया है। इन संस्थानों में आकाश इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज बैंगलोर, दुमका मेडिकल कॉलेज झारखंड, राजकीय मेडिकल कॉलेज बाड़मेर राजस्थान, राजकीय मेडिकल कॉलेज ओंगोल आंध्र प्रदेश, प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज लखनऊ, और पंडित बीडी शर्मा पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट रोहतक शामिल हैं। वहीं एनएमसी ने कहा कि अब उक्त सभी कॉलेजों को स्टाइपेंड भुगतान की पूरी जानकारी अपनी वेबसाइट पर साझा करनी होगी। आयोग का कहना है कि छात्रों के मेहनत और संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पारदर्शिता सुनिश्चित करना हर संस्थान की कानूनी जिम्मेदारी है। भोपाल के आरकेडीएफ मेडिकल कॉलेज पर एनएमसी ने गंभीर कार्रवाई करते हुए एक करोड़ का जुर्माना लगाया है। यह दंड कॉलेज द्वारा एमबीबीएस इंटर्न और पीजी रेजिडेंट्स के स्टाइपेंड भुगतान की जानकारी छुपाने और नियमों का उल्लंघन करने के कारण लगाया गया है।
बड़ी कामयाबी: ओडिशा में 11 हार्डकोर नक्सलियों ने किया सरेंडर
ओडिशा में लाल आतंक के खिलाफ जारी अभियान को, रविवार के दिन उस समय बड़ी कामयाबी मिली, जब डिवीजनल कमेटी मेंबर नकुल समेत 11 हार्डकोर नक्सलियों ने कालाहांडी जिला में पुलिस और सुरक्षाबलों के सामने अपने हथियार डाल दिए। आत्मसमर्पण करने वालों में एक डिविजनल कमेटी मेंबर के अलावा पांच एरिया कमेटी मेंबर और 5 सक्रिय सदस्य शामिल हैं, जिन पर कुल 63.25 लाख रुपए का इनाम घोषित था। कालाहांडी जिला मुख्यालय भवानीपटना स्थित रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में सभी नक्सलियों ने समाज के मुख्यधारा में लौटने और अमन चैन की जिंदगी गुजारने का संकल्प लिया। सरेंडर करने वाला हार्डकोर नक्सली नेता नकुल मूल रूप से महाराष्ट्र का निवासी है। उस पर 22 लाख का इनाम था, जबकि बाकी 10 सदस्य छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। इन नक्सलियों ने एक एके-47, एक इंसास राइफल, चार एसएलआर और अन्य हथियारों समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद पुलिस को सौंपा है।
होसबाले बोले- ईरान युद्ध पर भारत का स्टैंड सही, हिंदुओं की सुरक्षा पर भी चिंता जताई
हरियाणा में चल रही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा के आखिरी दिन रविवार को सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के बीच ईरान को लेकर भारत के स्टैंड पर कहा कि भारत हित में सरकार सही कर रही है, ऐसा विश्वास है कि सरकार का स्टैंड सही है। उन्होंने कहा कि संघ पड़ोसी देशों के साथ बेहतर संबंधों पर जोर देता है। बांग्लादेश और नेपाल में सामाजिक और राजनीतिक उथल-पुथल के बाद नई सरकारें बनी हैं। दोनों देशों में शांति-स्थिरता और उनका भारत के साथ अच्छा संबंध पूरे एशिया के विकास और सुरक्षा के लिए जरूरी है। हालांकि, उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा पर भी चिंता जताई। होसबाले ने कहा-भारतीयता क्या है, हिंदुत्व क्या है, इसकी एक स्पष्ट अवधारणा होनी चाहिए। यह केवल एक मानसिकता नहीं बल्कि एक जीवनशैली है।
केंद्र सरकार ने कहा- घबराकर न करें खरीदी! देश में नहीं पेट्रोल-डीजल की कमी
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने देश में ईंधन की स्थिति को लेकर बड़ा दावा किया है। सरकार ने कहा है कि पेट्रोल, डीजल, गैस और एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और देश में इनकी पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। सरकार के अनुसार देश की सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं। कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार भी रखा गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि भारत पेट्रोल और डीजल के उत्पादन में आत्मनिर्भर है और घरेलू मांग को पूरा करने के लिए इन दोनों ईंधनों का आयात करने की जरूरत नहीं है। सरकारी के अनुसार तेल विपणन कंपनियों द्वारा देशभर के पेट्रोल पंपों पर ईंधन की नियमित आपूर्ति की जा रही है। अब तक किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन खत्म होने की कोई घटना सामने नहीं आई है। सरकार ने लोगों से आह्वान किया है कि घबराकर पेट्रोल या डीजल की ज्यादा खरीदारी न करें, क्योंकि देशभर में इनकी पर्याप्त उपलब्धता है। प्राकृतिक गैस के मामले में सरकार ने कहा कि प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को पूरी आपूर्ति दी जा रही है। घरेलू पाइप गैस और सीएनजी के लिए 100 प्रतिशत गैस आपूर्ति जारी है, जबकि औद्योगिक और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए गैस आपूर्ति लगभग 80 प्रतिशत तक नियंत्रित की गई है।

Related Articles