बिच्छू राउंडअप/ट्रंप की नीति, महंगाई और ईरान युद्ध के खिलाफ सडक़ों पर उतरे लाखों लोग

ट्रंप

ट्रंप की नीति, महंगाई और ईरान युद्ध के खिलाफ सडक़ों पर उतरे लाखों लोग
पश्चिम एशिया में एक महीने से जारी संघर्ष ने दुनियाभर में कई सारी चिंताओं को जन्म दिया है। शुरुआत से बात करें तो ये संघर्ष दिन-ब-दिन और भयावह होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के भीषण हमलों से दहक रहे मोर्चे पर ईरान भी इस्राइल और खाड़ी देशों में मैजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जोरदार पलटवार कर रहा है। एक ओर मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब अपने 30वें दिन में प्रवेश कर चुका है और पूरे क्षेत्र में तनाव अब भी चरम पर है। दूसरी ओर अमेरिका के कई हिस्सों में शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान युद्ध नीति के खिलाफ नो किंग्स प्रदर्शन हुआ। इस प्रदर्शन में लाखों लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियां, बढ़ती महंगाई और ईरान के साथ जारी युद्ध के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शन सभी बड़े शहरों और छोटे कस्बों में हुए, जिनमें रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों राज्यों के लोग शामिल थे। बता दें कि प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए, तख्तियां दिखाईं और गाने-बजाने व नृत्य के जरिए अपनी बात रखी। न्यूयॉर्क सिटी में लोग मिडटाउन मैनहटन से मार्च कर रहे थे और आप्रवासन, ट्रंप प्रशासन और ईरान संघर्ष के खिलाफ तख्तियां ले जा रहे थे। सैन फ्रांसिस्को में लोग एम्बारकाडेरो प्लाजा से सिविक सेंटर की ओर मार्च कर रहे थे और अमेरिकी झंडे और विभिन्न आंदोलनों जैसे यूक्रेन और ट्रांसजेंडर अधिकार के समर्थन में बैनर दिखा रहे थे।

क्रूरता: युवक की गला घोंटकर हत्या, पत्थर मार-मार धड़ से अलग किया सिर
दो दिन पहले शादी में दोस्तों संग पैसे बटोरने गए जिले के गांव फरमाणा खास के मोहित (19) की पहले बेरहमी से गला घोंटकर हत्या की फिर पत्थर से कूचकर सिर धड़ से अलग कर दिया। शनिवार सुबह आठ बजे गेहूं के खेत में क्षत-विक्षप्त हालत में शव मिला है। युवक का सिर धड़ के पास ही पड़ा मिला है। सिर की खाल उतरी हुई थी। चेहरे से एक आंख गायब तो दो दांत टूटे मिले। पुलिस ने एक हत्यारोपी गांव के ही युवक मंगल को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में खुलासा किया है कि दो माह पहले आरोपी से हुए झगड़े का बदला लिया है। पिता वकील उर्फ बनिया ने गांव के ही चार युवकों पर बेटे की हत्या का शक जताया है। वारदात के बाद से अन्य आरोपी घर से लापता हैं। पुलिस ने आरोपियों को पकडऩे के लिए चार टीमें अपराध जांच शाखा प्रथम व द्वितीय, स्पेशल डिटेक्टिव स्टाफ और महम थाना पुलिस की गठित कर दी हैं जो दबिश दे रही हैं। पुलिस के मुताबिक, फरमाणा खास गांव निवासी वकील उर्फ बनिया ने शुक्रवार शाम महम पुलिस को शिकायत दी थी। इसमें बताया कि उनके पांच बच्चे, तीन बेटियां व दो बेटे हैं। बड़ी बेटी से छोटा मोहित 26 मार्च की शाम करीब छह बजे घर पर कहकर गया था कि वह शादी में पैसे बटोरने जा रहा है। इसके बाद जब बेटा घर नहीं लौटा तो गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच शनिवार सुबह गांव से बाहर फरमाणा बादशाहपुर निवासी साधु के गेहूं के खेत में मोहित का शव मिला।

1,585 दिन के सफर के बाद शुभारंभ, दो महीने में उड़ान और एक अनूठा सियासी रिकॉर्ड
नोएडा एयरपोर्ट का शुभारंभ तो हो गया लेकिन उड़ान अभी बाकी है। इसका इंतजार भी करीब दो माह बाद खत्म होगा। इस खास दिन तक पहुंचने में एयरपोर्ट को 1,585 दिन का समय लगा। रिकॉर्ड 1,367 दिन में एयरपोर्ट बनकर तैयार हुआ। एक रिकॉर्ड यह भी बना कि पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसी एयरपोर्ट का शिलान्यास और उद्घाटन किया हैं। 25 नवंबर, 2021 को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की नींव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी। एयरपोर्ट का भौतिक निर्माण जून 2022 में शुरू हुआ था। उसके बाद तेजी से ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण किया गया। 1,367 दिन में एयरपोर्ट का पहला चरण बनकर तैयार हो गया है। इतने कम समय में तैयार होने वाला यह पहला ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट है।  शनिवार को पीएम मोदी ने ही इसका उद्घाटन भी कर दिया। देश में ऐसा पहली बार हुआ है कि जब किसी एयरपोर्ट का शिलान्यास और उद्घाटन एक ही प्रधानमंत्री ने किया है। साथ ही दोनों बार प्रदेश का मुख्यमंत्री भी एक रहा है।  अफसरों ने बताया कि एयरपोर्ट पांच रनवे का होगा लेकिन पहले चरण में एक रनवे बनाया गया है जिस पर हर साल 1.20 करोड़ यात्री सफर कर सकेंगे। वर्ष 2030 तक रनवे की संख्या दो हो जाएगी। साथ ही यात्रियों की वार्षिक संख्या तीन करोड़ तक पहुंच जाएगी। 2036 तक पांच करोड़ और 2040 तक सात करोड़ यात्री सफर करेंगे।

Related Articles