
राजपाल यादव के बदले सुर, कानून की नजर में सब बराबर, जेलों में सुधार जरूरी
फिल्म अभिनेता राजपाल यादव ने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है। कानून की नजर में कोई छोटा बड़ा नहीं होता। उन्होंने जेलों में सुधार की जरूरत बताते अच्छे आचरण वाले बंदियों को मुख्यधारा में वापस आने का मौका देने की बात कही। चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल से छूटने के बाद राजपाल यादव बुधवार को अपने गांव कुंडरा पहुंचे थे। यहां मीडिया से वार्ता के दौरान इतना ही कहा कि उनके खराब समय में लोगों ने प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष जिस रूप में मदद की। उनके लिए प्रार्थना की। उनका इस मुश्किल घड़ी में साथ दिया। उन सभी के वह शुक्रगुजार हैं। उनका आभार व्यक्त करते हैं। राजपाल ने कहा कि वह भारतीय सिनेमा के जिम्मेदार अभिनेता हैं। हास्य, गंभीर सहित विभिन्न प्रकार की भूमिकाएं निभाईं हैं। कला उनके लिए एक विज्ञान है, जिसके वह विद्यार्थी हूं । अभिनय उनका पैशन है। इसलिए उनको कभी काम ढूंढना नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि तिहाड़ जेल में रहने के दौरान उन्होंने महसूस किया कि जब सब कुछ अपडेट हो रहा है । तो जेलें भी अपडेट होनी चाहिए।
सुप्रीम टिप्पणी- पायजामे का नाड़ा खींचना रेप की कोशिश, पलटा हाईकोर्ट का फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि किसी लडक़ी के पायजामे का नाड़ा खींचना और ब्रेस्ट पकडऩा रेप की कोशिश माना जाएगा। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस फैसले को पलट दिया, जिसमें इसे रेप की कोशिश की जगह रेप की तैयारी बताया गया था। सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने मामले की सुनवाई की। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हाई कोर्ट ने आपराधिक कानून के स्थापित सिद्धांतों का गलत इस्तेमाल किया है। कोर्ट ने कहा- हम हाईकोर्ट की इस बात से सहमत नहीं हैं कि आरोप केवल तैयारी तक सीमित हैं। आरोपियों की हरकत साफ तौर पर रेप की कोशिश की ओर इशारा करती है। पहली नजर में शिकायतकर्ता और अभियोजन ने रेप की कोशिश का मामला बना दिया है। दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 मार्च, 2025 को दिए आदेश में कहा था कि ये कृत्य रेप या रेप की कोशिश की केटेगरी में नहीं आते, इसके बाद अटेम्प्ट टू रेप का आरोप हटाने का निर्देश दिया था। हाईकोर्ट का फैसला सामने आते ही विवाद बढ़ गया। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट के आदेश पर 25 मार्च, 2025 को रोक लगा दी थी।
राज्यसभा की 37 सीटों पर 16 मार्च को चुनाव, दस राज्यों में 25 सीटें विपक्ष
चुनाव आयोग ने बुधवार को 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। 37 सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव कराया जाएगा। जो सीटें खाली हो रही हैं उनमें 12 एनडीए के पास है, 25 पर विपक्ष का कब्जा है। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र की 7, तमिलनाडु की 6 और पश्चिम बंगाल-बिहार की 5-5 सीटों पर चुनाव कराया जाएगा। शरद पवार, रामदास अठावले, कणिमोझी, तिरुचि शिवा, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश का कार्यकाल 2 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे के बीच वोटिंग होगी और उसी दिन शाम 5 बजे वोटों की गिनती की जाएगी। आयोग ने कहा है कि वोट डालते समय केवल रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से दिए गए तय मानक का वायलेट रंग का स्केच पेन ही इस्तेमाल होगा। किसी अन्य पेन का उपयोग मान्य नहीं होगा। चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे।
भारतीय परंपराओं से प्रभावित ब्राजील के राष्ट्रपति बोले- मैं जरूरी एजेंडा के साथ भारत आया हूं
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा पांच दिवसीय भारत दौरे पर बुधवार को नई दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे पर उनका स्वागत विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने किया। विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक एक्स पोस्ट में इस बात की जानकारी दी। एयरपोर्ट के बाद सिल्वा होटल पहुंचे। वहां उनका पारंपरिक स्वागत किया गया। मेहमान नेता भारतीय संस्कृति और आतिथ्य से खासा प्रभावित हुए हैं। उन्होंने भारत को नमस्ते कह आभार जताया है। सोशल मीडिया प्रोफाइल पर एक वीडियो शेयर कर उन्होंने पारंपरिक स्वागत के लिए धन्यवाद अदा करते हुए अपना एजेंडा भी बताया है। होटल में पारंपरिक स्वागत के बाद मेहमान नेता ने एक्स पोस्ट में लिखा कि नमस्ते, इंडिया…मैं एक जरूरी एजेंडे के साथ दौरे पर हूं।
