बिच्छू राउंडअप/उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से मौत को माना जाएगा हत्या, मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश

उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से मौत को माना जाएगा हत्या, मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश
राजधानी लखनऊ के बाजारखाला में चीनी मांझे में फंसकर एक युवक की मौत के बाद प्रदेश की योगी सरकार ने सख्त निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में चीनी मांझे के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में पुलिस अधिकारियों को पूरे राज्य में छापेमारी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि चीनी मांझे से होने वाली मौतों को हत्या माना जाएगा। पूरे राज्य में की गई कार्रवाई की उच्च स्तर पर समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी के निर्देश के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और लखनऊ शहर में पतंग की कई दुकानों पर छापेमारी की है। शहर के हैदरगंज और मोतीझील इलाके में पुलिस ने छापेमारी की है। मोतीझील इलाके में डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव, एडीसीपी धनंजय सिंह विक्रम और बाजार खाला थाना पुलिस ने छापेमारी की। गौरतलब है कि बुधवार को बाजारखाला में पतंग की डोर ने 33 वर्षीय मोहम्मद शोएब का गला रेत गया। इस दौरान गले की नस कट जाने से शोएब की दर्दनाक मौत हो गई। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी ने चीनी मांझे के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है और इसके कारण होने वाली मौतों को हत्या की श्रेणी में रखा जाएगा।
बीजापुर में 46 लाख के इनामी 12 नक्सलियों डाले हथियार, आठ महिला नक्सली शामिल
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 46 लाख के इनामी 12 नक्सलियों ने गुरुवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि इनमें आठ महिलाएं भी शामिल हैं। ये सभी नक्सली संगठन के ‘साउथ सब जोनल ब्यूरो’ से जुड़े थे। इन्होंने बस्तर पुलिस की ‘पूना मर्जेम’ पहल के तहत सरेंडर किया है। सभी ने राज्य सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया।  इनमें सोमडू मडक़ाम डिविजनल कमेटी मेंबर और कटेकल्याण एरिया कमेटी प्रभारी, हुंगी कुंजाम और पायकी कुंजाम शामिल हैं, जो अलग अलग यूनिट के पार्टी मेंबर थे। इन तीनों पर आठ-आठ लाख का इनाम घोषित था। इसके अलावा तीन अन्य नक्सलियों पर पांच-पांच लाख, एक पर दो लाख और पांच पर एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने एक एके 47 राइफल, दो सेल्फ लोडिंग राइफल, 250 जिलेटिन स्टिक, 400 डेटोनेटर, बारूद से भरा एक प्लास्टिक ड्रम और कॉर्डेक्स वायर का एक बंडल भी पुलिस को सौंपा।
सर्राफा बाजार: चांदी का उतरा पानी और सोना तीन हजार हुआ सस्ता
गोल्ड और सिल्वर मार्केट में लगातार दो दिन की तेजी के बाद गुरुवार को गिरावट रही। वायदा बाजार में चांदी का दाम 28 हजार रुपए (11 फीसदी) कम हो गया है। एक किलो चांदी का भाव 2.40 लाख रुपए पर आ गया है। सोने का दाम भी करीब 3 हजार रुपए (2 फीसदी) गिर गया। 10 ग्राम सोना 1.50 लाख रुपए पर है। इससे पहले 29 जनवरी से 2 फरवरी के बीच चांदी की कीमत 1.60 लाख रुपए कम हुई थी। वहीं सोने की कीमत में 26 हजार रुपए कम हुई थी। सर्राफा बाजार के दाम दोपहर 12 बजे जारी की जाएंगे। इधर, सर्राफा बाजार में चांदी 30,230 रुपए गिरकर 2,52,232 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है। वहीं 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 3,613 रुपए कम होकर 1,53,012 रुपए पर आ गया है। मुनाफा वसूली के कारण सोने-चांदी की कीमत में गिरावट है।
देश की पहली सरकारी कैब सर्विस ‘भारत टैक्सी’ लॉन्च, पीक समय में नहीं बढ़ेगा किराया
देश की पहली सहकारी कैब टैक्सी सर्विस भारत टैक्सी गुरुवार से दिल्ली और गुजरात के कुछ शहरों में शुरू हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में इस एप को लॉन्च किया। इस मौके पर गृह मंत्री ने कहा कि, ‘सर्विस की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें ड्राइवरों से कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा और वे खुद इस प्लेटफॉर्म के हिस्सेदार या मालिक होंगे। इसके अलावा, पीक समय में उपभोक्ता को ज्यादा किराया भी नहीं देना होगा। भारत टैक्सी का उद्देश्य ड्राइवरों को निजी एग्रीगेटर कंपनियों के मॉडल से आजादी दिलाना है। लॉन्चिंग के दौरान अमित शाह एप के ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छह ड्राइवर्स (जिन्हें सारथी कहा गया है) को सम्मानित किया। इन चालकों को कंपनी के शेयर सर्टिफिकेट बांटे गए। सम्मानित होने वाले ड्राइवरों को 5 लाख रुपए का एक्सीडेंटल और 5 लाख का फैमिली हेल्थ इंश्योरेंस कवर दिया गया। इसके अलावा, प्लेटफॉर्म से जुड़ने वाले सभी ड्राइवर्स के लिए रिटायरमेंट सेविंग्स और ड्राइवर सपोर्ट सिस्टम जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गईं।

Related Articles