
अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में मिली जमानत
बिहार में राज्यसभा चुनाव के बाद मंची सियासी उठापटक के बीच पटना हाईकोर्ट ने गुरुवार को जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में जमानत दे दी है। अनंत सिंह पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान हुए इस हत्याकांड के आरोप में पटना की बेऊर जेल में बंद थे। कोर्ट ने बाहुबली विधायक की जमानत याचिका को स्वीकार करते हुए उन्हें रिहा करने का आदेश दिया। हत्याकांड से जुड़ा यह मामला अक्टूबर 2025 का है, जब मोकामा में चुनावी प्रचार के दौरान जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने अनंत सिंह को मुख्य आरोपी मानते हुए गिरफ्तार किया था। इससे पहले निचली अदालतों ने उनकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं, लेकिन अब हाईकोर्ट से हरी झंडी मिल गई है। दावा किया जा रहा है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अनंत सिंह 20 या 21 मार्च तक जेल से बाहर आ सकते हैं। उनकी रिहाई को लेकर समर्थकों के बीच उत्साह बढ़ गया है।
सांसदों की कुंडली: राज्यसभा के 32 फीसदी ‘माननीय’ का दामन दागदार
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉम्र्स (एडीआर) ने एक चौंकाने वाली रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के मुताबिक राज्यसभा के 229 सांसदों में से 73 (32 फीसदी) ने अपने ऊपर चल रहे आपराधिक केस की जानकारी दी है। वहीं करीब 14 फीसदी सांसदों ने खुद को अरबपति घोषित किया है। यह रिपोर्ट 233 में से 229 सांसदों के शपथ पत्र के आधार पर बनाई गई है। एक सीट खाली है और तीन सांसदों की जानकारी नहीं मिली। इसमें हाल ही में चुने गए 37 सांसद भी शामिल हैं। वहीं राज्यसभा के 73 सांसदों में से 36 (16 फीसदी) पर गंभीर आरोप हैं। एक सांसद पर मर्डर का केस है। वहीं चार सांसदों पर हत्या की कोशिश और तीन पर महिलाओं से जुड़े अपराध के केस हैं। रिपोर्ट में बताया गया कि 31 सांसद (14 फीसदी) के पास अरबों रुपए की संपत्ति है। बड़ी पार्टियों में कई सांसदों ने 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति बताई है। भाजपा के 6, कांग्रेस के 5, वायएसआर कांग्रेस के 4, आप के 2, बीआरएस के 2,एनसीपी के 3 और अन्य दलों के 9 सांसद इस सूची में हैं। एवरेज एक राज्यसभा सांसद के पास 120.69 करोड़ की संपत्ति है। पार्टियों के हिसाब से औसत संपत्ति अलग-अलग है। भाजपा के 99 सांसदों के पास औसतन 28.29 करोड़, कांग्रेस के 28 सांसदों के पास 128.61 करोड़, टीएमसी के 13 सांसदों के पास 17.70 करोड़ और आप के 10 सांसदों के पास 574.09 करोड़ रुपए हैं।
विस चुनाव- एक दिन पहले भाजपा में आए कांग्रेस सांसद को टिकट
असम विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने गुरुवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इसमें सीएम हिमंता बिस्व सरमा सहित 88 नाम हैं। हिमंता अपनी परंपरागत सीट जालुकबारी से चुनाव लड़ेंगे। वे सातवीं बार इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं 25 दिन पहले भाजपा में आए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा को भी टिकट दिया गया है। भाजपा ने एक दिन कांग्रेस छोडक़र पार्टी जॉइन करने वाले सांसद प्रद्युत बोरदोलोई को दिसपुर से उम्मीदवार बनाया है। इधर, प्रद्युत बोरदोलोई के भाजपा में शामिल होने के बाद उनके बेटे प्रतीक बोरदोलोई ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव नहीं लडऩे का ऐलान किया है। प्रतीक ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े को लिखे पत्र में कहा कि अब उनका कांग्रेस उम्मीदवार बने रहना सही नहीं होगा।
परीक्षा की घड़ी! ऑनलाइन सिलेंडर बुकिंग 94 फीसदी पहुंची
केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों ने गुरुवार को संयुक्त पत्रकारवार्ता की। इसमें पश्चिम एशिया में तनाव के कारण तेल और गैस संकट पर मौजूदा हालात की जानकारी दी। विदेश मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी (गल्फ) असीम महाजन ने कहा कि यह सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरे वैश्विक समुदाय के लिए परीक्षा की घड़ी है। वहीं पेट्रोलियम मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी (मार्केटिंग एवं ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने बताया कि युद्ध के कारण एलपीजी की स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है। हालांकि, देश में किसी भी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के पास सिलेंडर की कमी नहीं है। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, देश में ऑनलाइन बुकिंग बढक़र 94 फीसदी पहुंच गई है। करीब 83 प्रतिशत रीफिल डिलीवरी डिलीवरी ऑथेंटिकेट कोड के जरिए हो रही है। पैनिक बुकिंग में कमी आ रही है। सुजाता ने बताया कि भारत में 70 फीसदी कच्चा तेल अब होर्मुज स्ट्रेट के बाहर के क्षेत्रों से आ रहा है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण दबाव जरूर है, लेकिन अभी तक कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
