बिच्छू डॉट कॉम:टोटल रिकॉल/पूर्व आईएएस नियाज खान ने की ब्राह्मणों को आरक्षण देने की वकालत

पूर्व आईएएस नियाज खान ने की ब्राह्मणों को आरक्षण देने की वकालत
अपने बेबाक बयानों और किताबों को लेकर चर्चा में रहने वाले मध्य प्रदेश के पूर्व आईएएस अधिकारी नियाज खान एक बार फिर ब्राह्मण समाज के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने ब्राह्मणों के सर्वांगीण विकास की वकालत करते हुए उन्हें आरक्षण देने की मांग उठाई है। नियाज खान ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी, जिसने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है। नियाज खान ने ब्राह्मणों के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए लिखा कि ब्राह्मण समाज हजारों सालों से सनातन धर्म का संरक्षक रहा है। उन्होंने तर्क दिया कि यदि ब्राह्मण मजबूत होगा, तो देश के साथ-साथ धर्म और आध्यात्म भी मजबूत होगा। खान के अनुसार, इस समाज का सर्वांगीण विकास राष्ट्र की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है, इसलिए उनकी समस्याओं और उत्थान पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
आयुष्मान योजना में गड़बड़ी, निजी अस्पतालों की जानकारी वाला पोर्टल बंद
आयुष्मान भारत निरामयम योजना में निजी अस्पतालों की गड़बडिय़ों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। भोपाल सहित प्रदेश में आर्थिक अनियमितताओं पर हाल ही में पांच निजी अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस दिए गए है। जानकारों का कहना है कि घोटालों के पीछे निजी अस्पतालों के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के कुछ फैसले और लापरवाही भी जिम्मेदार है। स्वास्थ्य विभाग ने वह सरकारी पोर्टल बंद कर दिया है, जिस पर निजी अस्पतालों की पूरी जानकारी उपलब्ध रहती थी। इसमें अस्पताल संचालक, स्थायी डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, सुविधाएं और रेटे लिस्ट दर्ज थीं। पोर्टल बंद होने से अस्पतालों की वैधता और मानकों की जांच मुश्किल हो गई है। इससे निजी अस्पतालों को मनमानी का मौका मिल रहा है। दो साल पहले आयुष्मान योजना में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ था। तीन साल में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान हुआ था, जिसमें करीब 200 करोड़ रुपये की अनियमितता सामने आई।
आइसर में बनेगा रिसर्च पार्क, छात्रों को कैंपस में ही इंडस्ट्री से जुडऩे का मौका
साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (आइसर) में अब पढ़ाई के साथ-साथ रिसर्च और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। शिक्षा मंत्रालय ने आईसर में रिसर्च पार्टी और इंक्यूबेशन सेंटर खोलने की मंजूरी दी है। इसके बाद आइसर कैंपस में कंपनियां भी आकर रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर काम कर सकेंगी। इससे छात्रों और शिक्षकों को सीधे इंडस्ट्री से जुडने का मौका मिलेगा। आइसर भोपाल को एडवांस्ड मैटिरियल्स के क्षेत्र में काम सौंपा गया है। अधिकारियों का मानना है कि संस्थान में कंपनियों की मौजूदगी से छात्रों को पढ़ाई के दौरान ही प्रोजेक्ट, इंटर्नशिप और भविष्य में नौकरी के बेहतर विकल्प मिल सकेंगे। आईसर के डायरेक्टर प्रो. गोवर्धन दास ने बताया कि रिसर्च पार्क और इंक्यूबेशन सेंटर बनने से संस्थान में कंपनियों की भागीदारी बढ़ेगी।
संघ प्रचारक ने समाज को सौंपा घर
इंदौर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी न पाने वाले आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक ने करोड़ों का घर दान कर दिया। उन्हें फ्री शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए उन्होंने सोसायटी भी बनाई है। संघ के अनुषांगिक संगठन अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत से जुड़े वरिष्ठ प्रचारक दिनकर राव सबनीस ने संगम नगर स्थित पैतृक मकान यूथ विंग्स वेलफेयर सोसायटी को दिया है। अब यहां मॉडर्न ज्ञान केंद्र बनेगा। वरिष्ठ प्रचारक सुरेश सोनी ने कहा, इकलौते बेटे होने के बाद भी दिनकर को परिवार ने राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित कर दिया। मौके पर संघ के अरुण जैन, स्वप्निल कुलकर्णी, अभय महाजन, क्षेत्रीय संगठन मंत्री विजय पाटिल मौजूद थे।

Related Articles