बिच्छू डॉट कॉम:टोटल रिकॉल/विधायक मिश्रा को झटका, चुनाव याचिका रद्द करने से कोर्ट का इनकार

विधायक मिश्रा को झटका, चुनाव याचिका रद्द करने से कोर्ट का इनकार
रीवा जिले की सेमरिया विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक अभय मिश्रा की उस आपत्ति को मप्र हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने भाजपा उम्मीदवार कृष्ण पति त्रिपाठी द्वारा दाखिल चुनाव याचिका निरस्त किए जाने की प्रार्थना की थी। जस्टिस विनय सराफ की डिवीजन बेंच ने कहा है कि यह याचिका परेशान करने वाली नहीं है, लिहाजा उसे इस स्टेज पर खारिज नहीं किया जा सकता। अदालत ने मामले को चार सप्ताह बाद सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने कहा है। गौरतलब है कि वर्ष 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में सेमरिया विधानसभा सीट से कांग्रेस के अभय मिश्रा चुनाव जीते थे। मिश्रा द्वारा नामांकन में लगाए गए आपराधिक रिकॉर्ड के शपथ-पत्र पर सवाल उठाते हुए भाजपा के उम्मीदवार कृष्ण पति त्रिपाठी ने यह याचिका हाईकोर्ट में दाखिल की थी। याचिका पर आपत्ति जताते हुए अभय मिश्रा ने आवेदन लगाकर चुनाव याचिका खारिज किए जाने की प्रार्थना कोर्ट से की थी। सुनवाई में आवेदक कृष्ण पति त्रिपाठी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आरके संघी व अधिवक्ता सिद्धार्थ कुमार शर्मा हाजिर हुए।
जीतू पटवारी ने राज्यसभा की दौड़ से खुद को बताया बाहर, बोले- पार्टी तय करेगी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने खुद को राज्यसभा की दौड़ से अलग बताते हुए साफ कर दिया कि पार्टी किसी और नेता को मौका देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का पद इतनी बड़ी जिम्मेदारी वाला है कि इसके साथ राज्यसभा जाना संभव नहीं है। मीडिया से बातचीत में जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का पद 24 घंटे काम करने वाला है और इस जिम्मेदारी के साथ कोई दूसरा पद लेना सही नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके अलावा कोई भी नेता राज्यसभा जाएगा और पार्टी जो फैसला करेगी, वही अंतिम होगा। जब पत्रकारों ने दिग्विजय सिंह के नाम को लेकर सवाल किया तो पटवारी ने कहा कि वे भी उम्मीदवार हो सकते हैं, लेकिन यह पूरी तरह पार्टी का फैसला होगा। उन्होंने संकेत दिया कि नामों पर मंथन जारी है और अंतिम निर्णय हाईकमान लेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अचानक बिजली चली गई, जिस पर पटवारी ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी 24 घंटे बिजली देने का दावा करती है लेकिन हकीकत सामने है। पटवारी ने कहा कि लोगों से बिजली के भारी बिल वसूले जा रहे हैं।
सोम डिस्टिलरीज की याचिका पर अब सोमवार को सुनवाई
सोम डिस्टिलरीज के लाइसेंस निलंबन के मामले पर हाईकोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई हुई, जो सोमवार को भी आगे जारी रहेगी। जस्टिस विवेक अग्रवाल की अदालत में सोम डिस्टिलरीज की ओर से दलीलें दी गईं। अब सोमवार को सरकार की ओर से पक्ष रखा जाएगा। सोम की ओर से दायर इस याचिका में 4 फरवरी के उस आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें आबकारी आयुक्त ने याचिकाकर्ताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए थे। आवेदकों का आरोप है कि सुनवाई का मौका दिए बिना उनके खिलाफ की गई कार्रवाई अधिकार क्षेत्र से बाहर है।
दिग्विजय बोले- लगातार विरोध के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं
राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी विकासखंड के ग्राम दानवा खेड़ा में दूषित पानी से फैली खुजली की बीमारी से मासूम बच्चों की मौत पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ माह पूर्व भी इसी समस्या से बच्चों की मृत्यु हो चुकी है। लगातार शिकायतों और स्थानीय विरोध के बावजूद स्थिति में सुधार न होना गंभीर चिंता का विषय है। सिंह ने सरकार एवं जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने मांग की है कि स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जाए। दूषित जल स्रोतों की जांच व सुधार किया जाए, प्रभावित ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों को चिकित्सा सुविधा दी जाए तथा दोषी पर कार्रवाई की जाए।

Related Articles