
विधायक पटेल से मिले सीएम, आईजी से मांगी मूसा गैंग रिपोर्ट
मूसा गैंग के खौफ से पिछले एक माह से अंडरग्राउंड रहे मऊगंज से भाजपा विधायक प्रदीप पटेल सीएम से मुलाकात के बाद सामने आ गए। शनिवार को सीएम निवास में पटेल ने सीएम को पूरे मामले की जानकारी दी। इस दौरान विधायक ने यह भी कहा कि मूसा गैंग है या नहीं, इसकी पुलिस को जांच करना चाहिए। सूत्रों के मुताबिक विधायक ने मऊगंज एसपी और कलेक्टर की कार्यप्रणाली पर सीएम के सामने नाराजगी जाहिर की। जिसके बाद सीएम ने रीवा आइजी गौरव राजपूत से फोन पर बातचीत कर पूरे मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। जानकारी के मुताबिक विधायक पटेल को मिली जानलेवा धमकी के बाद सरकार सुरक्षा बढ़ाने पर भी विचार कर रही है। इंटेलिजेंस ने इसको लेकर कवायद शुरू कर दी है। विधायक को अतिरिक्त सुरक्षा दी गई। उन्होंने सीएम के साथ-साथ पुलिस के उच्च अधिकारियों के समक्ष भी सुरक्षा के मुद्दे उठाया है।
25 साल पुराने फ्रॉड में सीबीआई ने भगोड़े को तमिलनाडु से पकड़ा
दूरसंचार विभाग के 25 साल पुराने मामले में केंद्रीय एजेंसी सीबीआई ने एक्शन लिया है। टीम ने इस मामले से जुड़ा भगोड़ा घोषित अपराधी अब्दुल रज्जाको को तमिलनाडु के सलेम जिले से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ दूरसंचार धोखाधड़ी के मामले में लगभग 25 सालों से गिरफ्तारी से बच रहा था। सीबीआइ द्वारा 16 अक्टूबर 1995 को प्रकरण दर्ज किया गया था। बता दें, दूरसंचार विभाग भारत सरकार के तत्कालीन संभागीय प्रबंधक मुकेश गुप्ता ने पीएम अब्दुल रज्जाक और अन्य लोगों के साथ मिलकर धोखाधड़ी की थी। जिसके चार साल बाद रज्जाक सहित चार लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया था। तभी से रज्जाक फरार – हो गया था जिसके बाद उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। जिसके बाद भोपाल की स्पेशल कोर्ट ने रज्जाक के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
आईएफएस विपिन पटेल ने दिया इस्तीफा, पत्नी ने लगाया वीटो तो लेना पड़ा वापस
मप्र कैडर के एक आईएफएस विपिन कुमार पटेल ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया। यह बात जैसे ही उनकी पत्नी को पता चली तो उन्होंने सरकार के सामने पति के इस्तीफे को स्वीकार करने के खिलाफ वीटी लगा दिया। तर्क दिया कि पति कई कारणों से परेशान है, नतीजा उपकी मानसिक स्थिति पहले की तुलना में ठीक नहीं, है इसलिए उनका इस्तीफा मंजूर न किया जाए। पत्नी के इन तर्कों का परीक्षण करने के लिए आइएफएस पटेल को तलब किया तो उन्होंने भी यह बात मानी और अंतत: इस्तीफा वापस ले लिया है। वनबल प्रमुख वीएन अंबाड़े के निर्देशन में वन विभाग के कुछ अधिकारियों ने पटेल और उनकी पत्नी को बुलाया। दोनों से आमने-सामने बात की। पूरी स्थिति को समझा और फिर पटेल से पूछा कि क्या वे अभी भी इस्तीफा देना चाहते हैं, इस पर उन्होंने ही इनकार करते हुए इस्तीफा वापस ले लिया। वनबल प्रमुख वीएन अंबाड़े ने इसकी पुष्टि की है। पटेल जबलपुर में ही वर्किंग प्लान में फिलहाल पदस्थ हैं।
इंदौर की लंबी छलांग… देश के टॉप-10 एयरपोर्ट में तीसरे नंबर पर
देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट यात्री सुविधाओं की वार्षिक रेटिंग में इस बार सुधार हुआ है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की काउंसिल इंटरनेशनल ने एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) की वार्षिक रेटिंग जारी की है। यात्री सुविधाओं पर साल में 4 बार तिमाही और एक बार वार्षिक रेटिंग जारी होती है। एक दिन पहले 2025 की रेटिंग जारी हुई। यह सर्वे सालाना 18 लाख से अधिक यात्री संख्या वाले एयरपोर्ट में होता है। इसे इंटरनेशनल रेटिंग सर्वे भी कहा जाता है। एशिया पैसिफिक के 18 देशों में ऐसा ही सर्वे होता है।
