
मंत्रियों को आज मिलेंगे टैबलेट, अगली बैठक ई-कैबिनेट से
प्रदेश की मोहन यादव कैबिनेट अब पूरी तरह से डिजिटल होने जा रही है। हर हर कैबिनेट बैठक ई-कैबिनेट होंगी। इसके लिए 6 जनवरी को मंत्रालय में होने जा रही कैबिनेट बैठक में सभी मंत्री एवं भारसाधक सचिवों को टैबलेट दिए जाएंगे। साथ ही कैबिनेट बैठक में सभी मंत्री एवं भारसाधक सचिव को ई-कैबिनेट एप्लीकेशन के संबंध में प्रस्तुतीकरण एवं प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे डिजिटल प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सकें। इसके बाद आली कैबिनेट बैठक, ई-कैबिनेट होगी। यानी मंत्री जहां रहेंगे, वहीं से कैबिनेट में शामिल हो सकेंगे। प्रारंभिक चरण में कुछ मंत्री-परिषद् बैठक का एजेण्डा भौतिक एवं डिजिटल-दोनों फार्मेट में उपलब्ध कराया जाएगा। इसके उपरांत यह पूर्णत: डिजिटल रूप में भेजा जाएगा।
आईपीएस मीट 16 और 17 को भोपाल में, पहले दिन बैद्धिक सत्र
दिसंबर में आईएएस मीट के समापन के बाद जनवरी में राजधानी भोपाल में आईपीएस मीट का आयोजन होगा। इसके लिए 16 और 17 जनवरी की तारीख तय की गई है। आईपीएस एसोसिएशन के अध्यक्ष और एसएएफ एडीजी चंचल शेखर के अनुसार इस आयोजन की शुरूआत कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में होगी जहां पहले दिन अफसरों के लिए बौद्धिक सत्र का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद दूसरा दिन फन और गेम्स एक्टिविटी के लिए रिजर्व होगा और इस दौरान कई रोचक एवं साहसिक खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य प्रतियोगिताएं होंगीं। इस आयोजन में प्रदेश भर मैं पदस्थ आईपीएस अफसरों के साथ केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात अफसरों को भी आमंत्रण भेजकर उन्हें सपरिवार आने को कहा जाएगा। इस आयोजन के लिए अलग अलग कमेटियां बनाई गई हैं। स्पेशल डीजी आदर्श कटियार की कमेटी पहले दिन पुलिस अफसरों के लिए आयोजित होने वाली बौद्धिक चर्चा के लिए आधुनिक दौर में पुलिसिंग को लेकर आ रही चुनौतियों और उनसे निपटने के लिए सभी सत्रों के विषय तय करेगी।
वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की मुहिम, प्रदेश प्रभारी ने दिए निर्देश
भाजपा हाईकमान ने प्रदेश के सभी संभागीय प्रभारी, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों को एसआईआर और सूची में नाम जुड़वाने व दावे-आपत्तियों का निराकरण प्राथमिकता से कराने का टास्क सौंपा है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह दतिया में विभिन्न विधानसभाओं की बैठकों में निर्देश दिए। लाखों लोगों के नाम कटने से पार्टी चिंतित है। प्रदेश प्रभारी डॉ. सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता सरकार और समाज के बीच सेतु की भूमिका निभाते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय सहयोग करें। एसआईआर में नाम जुड़वाने की कवायद चल रही है। जिन पात्र लोगों के नाम कट गए उन्हें जोडऩे की कार्रवाई चल रही है। संगठनात्मक अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ कार्य करना ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने दतिया, भांडेर, सेवड़ा एवं ग्वालियर ग्रामीण जिले के डबरा में भितरवार, डबरा व ग्वालियर ग्रामीण विधानसभाओं की बैठकों को संबोधित किया।
जीवनसाथी के फैसले के लिए समय चाहिए: महाआर्यमन
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र एवं मप्र क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया ने रविवार रात शिवपुरी में युवा सम्मेलन में युवाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अपनी शादी के संबंध में भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि शादी जीवन का बड़ा और जिम्मेदारी भरा फैसला होता है, इसे सोच-समझकर लेना चाहिए। आर्यमन सिंधिया सोमवार दोपहर 2 बजे जब कोलारस में रोड शो कर रहे थे, तभी कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे कार के ऊपर सनरूफ वाले हिस्से में उनका सीना टकरा गया। उस समय तो कुछ नहीं हुआ, लेकिन दो घंटे बाद जब आर्यमन पिछोर पहुंचे। वहां से चंदेरी की तरफ जाते समय उनके सीने में दर्द हुआ तो आनन-फानन में उन्हें शिवपुरी लाया गया।
