
टाउनशिप में 15 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस एलआईजी आवास बनाना अनिवार्य
मप्र सरकार ने नगरीय विकास एवं विभाग के माध्यम से नए इंटीग्रेटेड टाउनशिप नियम-2026 प्रभावशील कर दिए हैं। नए नियमों के अनुसार स्थानीय निकाय सीमा या योजना क्षेत्र के भीतर पांच लाख से कम आबादी वाले शहरों के लिए भूमि की न्यूनतम अर्हता 10 हेक्टेयर और पांच लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के लिए भूमि की न्यूनतम अर्हता 20 हेक्टेयर आवश्यक होगी और मार्ग चौड़ाई 24.0 मीटर से कम न हो। 40 हेक्टेयर और उससे अधिक क्षेत्र वाले बड़ी टाउनशिप के लिए मार्ग की न्यूनतम चौड़ाई 30.0 मीटर जरूरी होगी। टाउनशिप में कुल क्षेत्र के 15 प्रतिशत क्षेत्र में ईडब्ल्यूएस, एलआईजी आवास अनिवार्य रूप से बनाना होंगे। नए नियमों के अनुसार विकासकर्ताओं को अपने टर्नओवर और नेटवर्थ के आधार पर वर्गीकृत किया जाएगा। वन, जल निकाय, रक्षा संपदा, छावनी बोर्ड, खदान, पुरातत्व स्थलों और रेलवे की भूमि पर ये टाउनशिप विकसित नहीं की जा सकेंगी। इससे पूर्व 15 साल पहले बने मप्र विशेष परियोजना एव टाउनशिप विकास, विनियमन एवं नियंत्रण नियम-2011 निरस्त कर दिए गए हैं। बता दें कि डॉ. मोहन यादव कैबिनेट ने पिछले साल फरवरी में इंटीग्रेटेड टाउनशिप पॉलिसी-2025 को मंजूरी दी थी।
नई दिल्ली के भारत मंडपम में सजेगा मप्र पवेलियन
इंडिया एआई का इम्पैक्ट समिट-2026 आयोजन 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम नई दिल्ली में किया जाएगा। समिट में प्रदेश का विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग मध्य प्रदेश पवेलियन स्थापित कर राज्य का प्रतिनिधित्व करेगा। मप्र पैवेलियन में एआई-सक्षम शासन मॉडल, डीप-टेक नवाचारों और स्टार्टअप आधारित समाधानों का व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा। यह सहभागिता गत 15 जनवरी को भोपाल में आयोजित रीजनल एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस के बाद हो रही है, जहां प्रदेश ने शासन, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, शहरी तंत्र और औद्योगिक स्वचालन जैसे क्षेत्रों में एआई के प्रभावी उपयोग का प्रदर्शन किया था। समिट में प्रदेश के चार प्रमुख शासकीय विभागों द्वारा एआई के व्यावहारिक उपयोग प्रस्तुत किए जाएंगे।
शिव बारात में घोड़ी पर बैठे विधायक जंडेल ने किया हर्ष फायर, वीडियो वायरल
बड़ौदा क्षेत्र के ग्राम मुंडला में चल रहे भागवत कथा और शिव-पार्वती प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत रविवार को शिव बारात निकाली गई। इस दौरान श्योपुर विधायक बाबू जंडेल भी शामिल हुए। बारात के दौरान विधायक बाबू जंडेल घोड़ी पर सवार होकर बंदूक से हर्ष फायर करते हुए नजर आए। इसका वीडियो भी सामने आया है। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। शिव बारात गांव में पारंपरिक रूप से निकाली जा रही थी। इसी दौरान विधायक जिंडेल घोड़ी पर बैठे हुए बंदूक से फायर करते दिखे, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। इस संबंध में बड़ौदा टीआई सतीश चौहान का कहना है कि, मैं चंद्रसागर मेला ड्यूटी में हूं। मैंने वीडियो नहीं देखा है। लेकिन हर्ष फायर करने पर रोक है।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज बनेगी रणनीति
कांग्रेस विधायक दल की बैठक 16 फरवरी को शाम 7.30 बजे मप्र विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के 74 बंगला स्थित निवास पर होगी। बैठक में विधानसभा के बजट सत्र की रणनीति और रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी। उमंग सिंघार ने बताया कि विधायक दल की बैठक में सदस्यों से बातचीत कर प्रदेश के जनहित से जुड़े मुद्दों को बजट सत्र में मजबूती से उठाने की रूपरेखा तैयार की जाएगी। साथ ही प्रदेश सरकार की विफल नीतियों और घपलों-घोटालों सहित प्रमुख मुद्दों को जनता के सामने लाने और विधानसभा में सरकार को घेरने पर भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लिए जा रहे बेतहाशा कर्ज, इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों, ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान, युवाओं के रोजगार, प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे जनहित के मुद्दों पर सरकार से पूरी मजबूती से विधानसभा में जवाब मांगा जाएगा।
