
बोत्स्वाना से 28 फरवरी को मप्र आएंगे आठ चीते
मध्य प्रदेश में चीतों का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। चीतों की संख्या में वृद्धि के लिए 28 फरवरी को बोत्सवाना से आठ और चीते लाए जाएंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष-2032 तक लगभग 17 हजार वर्ग किलो मीटर क्षेत्र में 60-70 चीतों की आत्मनिर्भर आबादी स्थापित करना है। इसके लिए गुजरात के बन्नी घास के मैदानों में संरक्षण प्रजनन केंद्र स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में मध्य प्रदेश में चीता पुनस्र्थापन प्रोजेक्टर विश्व का सबसे सफल अभियान है। यह परियोजना प्रकृति से प्रगति का संदेश है। सितंबर 2022 में शुरू हुई इस यात्रा ने सफलता के तीन साल पूरे कर लिए। 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से लाए गए आठ चीतों को प्रधानमंत्री मोदी ने कूनो, अभयारण्य के संरक्षित बाड़ों में छोड़ कर पुनस्र्थापना परियोजना का शुभारंभ किया। दक्षिण अफ्रीका से 12 और चीते कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़े गए। वर्ष 2023 से 2026 के बीच यहां 39 शावकों का जन्म हुआ, जिनमें से 27 शावक कूनो में स्वस्थ और जीवित हैं।
राहुल और खरगे किसान सम्मेलन में जिलाध्यक्षों के साथ कर सकते हैं बैठक
अमेरिका साथ ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस पहला किसान सम्मेलन मध्य प्रदेश में 24 फरवरी को करने जा रही है। इसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सम्मिलित होंगे। दोनों नेता दोपहर 12 बजे के करीब भोपाल पहुंची और तीन घंटे से अधिक समय तक रहेंगे। इस दौरान वे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों व जिलाध्यक्षों की बैठक कर सकते हैं। – किसान सम्मेलन अटल पथ अथवा लाल परेड मैदान में कराने की तैयारी है। इसमें प्रदेश भर से किसान आएंगे। राहुल गांधी का एक वर्ष में यह पांचवां प्रदेश दौरा है। इसके पहले वह इंदौर आए थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ट्रेड डील से सबसे अधिक नुकसान मध्य प्रदेश को होने वाला है, इस कारण किसान सम्मेलनों की शुरुआत मध्य प्रदेश से की जा रही है।
भाजपा की राष्ट्रीय टीम में होंगे मप्र के कई चेहरे, पार्टी ने 15 नाम भेजे
भाजपा संगठन की राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश के कई चेहरे दिखाई दे सकते हैं। प्रदेश संगठन ने राज्य के ऐसे 15 नेताओं के नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे हैं, जो अलग- अलग अंचलों से हैं और अभी सत्ता या संगठन के किसी पद पर नहीं हैं। भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम का गठन होना है और अन्य मोर्चे भी गठित किए जाने हैं। केंद्रीय नेतृत्व ने इस बारे में प्रदेश संगठन से सुझाव मांगे थे। वर्तमान में मध्य प्रदेश से सत्यनारायण जटिया, ओम प्रकाश धुर्वे (राष्ट्रीय सचिव) और लाल सिंह आर्य जैसे नेता राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पार्टी 029 के और संगठन की मजबूती को ध्यान में रखकर अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा और महिला चेहरों को भी वरीयता देना चाहती है। पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा की टीम में मध्य प्रदेश से कैलाश विजयवर्गीय सहित चार नेताओं को स्थान मिला था।
हेमंत कटारे ने भाजपा में जाने की अटकलों पर लगाया विराम
विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे द्वारा शुक्रवार को पद से त्याग पत्र देने के बाद तरह-तरह की अटकलें शुरू हो गई थीं। यह भी चर्चा थी कि वह भाजपा में जा सकते हैं। कारण, त्यागपत्र देने के बाद उन्होंने फोन बंद कर लिया था। प्रदेश पदाधिकारियों से भी उनका संपर्क नहीं हो पाया। इस बीच शनिवार सुबह उन्होंने इंटरनेट मीडिया एक्स पर संदेश पोस्ट कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने लिखा, कांग्रेस मेरे स्वर्गीय पिताजी की विरासत है। और हां मेरे फोन न उठाने पर कृपया भारी-भरकम कयास न लगाएं। शादी की सालगिरह पर परिवार के साथ समय बिताना कोई राजनीतिक साजिश नहीं, बल्कि मेरा मूलभूत और संवैधानिक अधिकार भी है। कभी-कभी नेता भी इंसान होता है। उन्होंने आगे लिखा कि जरा अब ध्यान से सुन लो भाजपाइयों, ज्यादा खुशफहमी, पालने की जरूरत नहीं है। सोमवार से सदन में पूरी तैयारी, पूरे दस्तावेज और पूरी ताकत के साथ उपस्थित रहूंगा।
