
जामवाल की नसीहत, आचरण से जनता का विश्वास जीतें विधायक
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान हंगामा और तल्खियों के बाद देर शाम सीएम हाउस में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने विधायक दल को संबोधित किया। संचालन कैलाश विजयवर्गीय ने किया। क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने विधायकों को नसीहत देते हुए कहा कि अपने आचरण और व्यवहार से जनता का विश्वास जीतें। विपक्ष के भ्रामक प्रचार का तथ्यांक जवाब दें। आपसी संवाद् में गरिमा और मर्यादा का ध्यान जरूर रखें। करना मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित समीक्षा जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने विधायकों से कहा कि बूथ स्तर तक संवाद बढ़ाएं और संगठन-सरकार समन्वय मजबूत करें। प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विधायकों की दोहरी भूमिका बताते हुए जनसमस्याओं के समाधान और योजनाओं के व्यापक प्रचार का आह्वान किया। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने केंद्र और प्रदेश के बजट को जनकल्याण का संकल्प बताते हुए उसे गांव-गरीब-किसान तक पहुंचाने और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
देवड़ा के खिलाफ महिला कांग्रेस का हल्ला बोल
भोपाल मप्र सरकार के बजट में महिलाओं को महंगाई से राहत न मिलने पर आज महिला कांग्रेस ने सडक़ों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया के नेतृत्व में कार्यकर्ता ठेले पर स्कूटी और रसोई गैस सिलेंडर रखकर डिप्टी सीएम व वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले का घेराव करने निकलीं। प्रदर्शन के दौरान मप्र कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुलिस ने रेडक्रॉस अस्पताल के पास बैरिकेडिंग कर महिलाओं को रोक लिया। इस बीच वित्त मंत्री का पुतला फूंकने की कोशिश के दौरान पुलिस और महिला कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बजट में न तो रसोई गैस सस्ती हुई और न ही पेट्रोल-डीजल के दाम घटे, जिससे घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
वीडी शर्मा ने कांग्रेस के खिलाफ दिया विशेषाधिकार हनन नोटिस
भाजपा सांसद वीडी शर्मा ने कांग्रेस द्वारा एआई के दुरुपयोग को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एआई समिट में स्पष्ट किया था कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल जिम्मेदारी और नैतिकता के साथ होना चाहिए, लेकिन कांग्रेस फर्जी और घटिया एआई वीडियो बनाकर न सिर्फ प्रधानमंत्री बल्कि लोकसभा अध्यक्ष की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रही है। भाजपा सांसद शर्मा ने कहा कि यह लोकतांत्रिक परंपराओं का सीधा अपमान है और इससे पूरा सदन आहत है। इसी कड़ी में उन्होंने नियम 222 के तहत सदन की अवमानना और विशेषाधिकार हनन का नोटिस देकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए ऐसे दुरुपयोग को तुरंत रोका जाना जरूरी है।
केंद्रीय मंत्री बोले- बाबूलाल गौर को देख राजनीति में आया
केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल ओराम ने दिल्ली में गुरुवार को अपना मप्र कनेक्शन बताया। कहा, भोपाल में बीएचईएल में काम किया है। तब नौकरी के समय ही मैंने तो बाबूलाल गौर (पूर्व सीएम) को देखकर सोचा कि राजनीति में आया जा सकता है। फिर चुनाव लड़ने आया। कैबिनेट मंत्री तक बना। इसलिए बिना फल की चिंता करे काम करते जाइये। वे दिल्ली में गुरुवार को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने 23 वें स्थापना दिवस के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य व बैतूल से सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ओराम ने अटलजी से शास्त्री भवन में कक्ष आवंटित कराने का किस्सा भी सुनाया। ओराम ने कहा कि पहले जब मंत्री नहीं बना तो लोग चिढ़ाते थे कि कुछ नहीं बनाया, तो मैंने कहा कि कुछ तो बन जाएंगे।
