
शाह मामले में असमंजस हर पहलू का अध्ययन करा रही सरकार
प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान मामले में राज्य सरकार जल्द फैसला करेगी। संविधान के जानकार मानते हैं कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा है तो सरकार को अभियोजन का फैसला करना ही होगा। दूसरी ओर मोहन यादव सरकार और बीजेपी प्रदेश संगठन को इस मामले में केंद्रीय नेतृत्व के फैसले का इंतजार है। सरकार के आला अफसरों की मानें तो इस मामले में कुछ न कुछ जल्द होने वाला है। सरकार सभी परिस्थितियों पर विचार कर रही है और केंद्रीय नेतृत्व को हालातों से अवगत करा दिया है। अफसरों का कहना है कि केंद्रीय नेतृत्व के फैसले का इंतजार किया जा रहा है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने दिल्ली प्रवास के दौरान भी इस मामले में केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा की है। सामान्य प्रशासन विभाग के अफसरों का कहना है कि अभी तक उनके पास कोई निर्देश नहीं आए हैं।
अमेरिका कृषि उत्पाद भारत आएंगे तो हमारे किसान बर्बाद हो जाएंगे
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अमेरिका-भारत ट्रेड डील पर सवाल उठाते हुए कहा कि अमेरिकी कृषि मंत्री के बयान पर सरकार क्यों चुप है। यदि अमेरिका कृषि उत्पादों के लिए भारत सरकार जीरो ट्रेड करती है और इससे भारतीय किसान बर्बाद हो जाएंगे। पटवारी ने कहा कि अमेरिका के कृषि मंत्री द्वारा दिया गया हालिया बयान, बेहद चिंताजनक है। इस डील के तहत भारत अमेरिका से आने वाले कृषि उत्पादों पर 0 फीसदी टैरिफ लगाएगा। इसमें ड्राई फ्रूट्स, फल, सब्जियां, शराब, स्पिरिट, औद्योगिक उत्पाद, रसायन और चिकित्सा उपकरण शामिल हैं। वहीं भारत में उत्पादित कृषि सामग्री जब अमेरिका जाएगी तो उस पर 18 फीसदी तक टैक्स लगेगा। पटवारी ने बुधवार को राजधानी में पत्रकारों से चर्चा में यह बात कही। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में किसान की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। किसी भी फसल को न तो उचित मूल्य मिल रहा है और न ही एमएसपी पर खरीदी हो रही है। कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ किसी भी प्रकार की घात के खिलाफ सडक़ों पर उतरेगी और निर्णायक आंदोलन करेगी।
कार्यालयीन समय को लेकर सख्ती शुरू
सामान्य प्रशासन विभाग ने एक बार फिर मंत्रालय में कार्यालयीन समय का पालन कराने को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। इस संबंध में विभाग प्रमुखों को पत्र लिखा है कि वे अपने अधीनस्थों को समय पर कार्यालय बुलाएं। सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिवों को लिखे पत्र में कहा है कि कार्यालयीन समय प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक है। सभी अधिकारी अपने अधीनस्थों को कार्यालय समय का पालन कराने के निर्देश जारी करें। जीएडी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने 7 जनवरी को अधिकारियों की बैठक में कार्यालयीन समय का पालन करने के निर्देश दिए थे। दरअसल, मंत्रालय में कार्यालय समय निर्धारित है, लेकिन कई अधिकारी एवं कर्मचारी देरी से आते हैं और जल्द चले जाते हैं।
रानी कमलापति-दानापुर मध्य चलेगी होली स्पेशल ट्रेन
रेल यात्रियों की सुविधा और यात्रा मांग को पूरा करने के उद्देश्य से रेल प्रशासन रानी कमलापति-दानापुर के मध्य 02-मध्य 02-02 ट्रिप द्वि-साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। गाड़ी संख्या 01667 रानी कमलापति-दानापुर द्वि-साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेन शुक्रवार दिनांक 27 फरवरी एवं सोमवार दिनांक 02 मार्च को दोपहर 14:25 बजे रानी कमलापति से प्रस्थान कर और अगले दिन सुबह 08:45 बजे दानापुर स्टेशन पर पहुँचेगी। गाड़ी संख्या 01668 दानापुर रानी कमलापति द्वि-साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेन शनिवार 28 फरवरी एवं मंगल वार द 03 मार्च को सुबह 11:15 बजे दानापुर से प्रस्थान कर और अगले दिन सुबह 08:55 बजे रानी कमलापति स्टेशन पर पहुँचेगी। नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, बक्सर एवं आरा। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि होली त्यौहार के मद्देनजर यात्री भार को कम करने के उद्देश्य से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
