
- रवि खरे
सीट शेयरिंग से कुशवाहा नाराज, शाह सेमिलने दिल्ली रवाना
एनडीए में भले ही आनन-फानन में सीटें बांट ली गई हो किंतु सीटों को लेकर दलों के भीतर खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। सीट बंटवारे की घोषणा के बाद सहयोगी दलों के बीच असंतोष गहराता जा रहा है। सर्वाधिक नाराजगी उपेंद्र कुशवाहा की ओर से सामने आई है। कुशवाहा ने एनडीए के उम्मीदवारों के नामांकन का बहिष्कार करने की घोषणा तक कर दी है। यही नहीं ताजा अपडेट है कि बुधवार यानी आज होने वाली बैठक स्थगित कर कुशवाहा दिल्ली प्रस्थान कर गए हैं। दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात करेंगे। दरअसल रालोमो के खाते की महुआ सीट लोजपा (आर) जबकि दिनारा जदयू के खाते में जाने की सूचना है। जिस पर पार्टी ने कड़ा एतराज जताया है। रालोमो ने अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं से कहा है कि भाजपा सहित एनडीए के किसी प्रत्याशी के नामांकन में शामिल नहीं हों। दरअसल एनडीए में सीट बंटवारे की घोषणा के बाद रालामो की ओर से सभी छह सीटों पर प्रत्याशी भी तय कर लिये गये थे और उम्मीदवारों को इसकी सूचना भी दे दी गई थी। लेकिन मंगलवार शाम इस पार्टी को सूचना मिली कि महुआ सीट लोजपा (आर) जबकि दिनारा सीट जदयू के खाते में अब दी जा रही है। पार्टी महुआ सीट से उपेन्द्र कुशवाहा के पुत्र दीपक कुशवाहा जबकि दिनारा से आलोक सिंह को मैदान में उतारने वाली थी। लेकिन सीटों में बदलाव होने से इस दल ने तीखी प्रतिक्रया देते हुए अपने नेताओं को एनडीए प्रत्याशियों के नामांकन से दूर रहने का फरमान जारी कर दिया है।
तमिलनाडु सरकार का दावा- 15 हजार करोड़ का निवेश करेगी फॉक्सकॉन, कंपनी का इनकार
दुनिया की सबसे बड़ी कॉन्ट्रैक्ट मोबाइल निर्माता कंपनी फॉक्सकॉन के तमिलनाडु में 15,000 करोड़ रुपये के नए निवेश की खबरों पर कंपनी के इनकार के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। तमिलनाडु के उद्योग मंत्री टीआरबी राजा ने दावा किया कि इस निवेश से 14,000 हाई वैल्यू नौकरियां सृजित होंगी, जबकि फॉक्सकॉन ने इसे नया निवेश मानने से इनकार कर दिया। मंत्री राजा ने सोमवार को साफ किया कि फॉक्सकॉन के साथ एक साल से अधिक समय से चल रही बातचीत के बाद यह निवेश तय हुआ है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना मूल्य-वर्धित विनिर्माण, अनुसंधान और विकास और एआई-आधारित उन्नत तकनीकी संचालन को तमिलनाडु में लाएगी। हालांकि, फॉक्सकॉन ने बयान दिया कि वह इसे नया निवेश नहीं मानती, क्योंकि चर्चा लंबे समय से चल रही थी। विपक्षी दलों ने फॉक्सकॉन के इनकार को भुनाने में देर नहीं की।
तालिबान-पाकिस्तान में फिर जंग, कुर्रम में टैंक नष्ट, चौकियों पर कब्जा
अफगानिस्तान-पाकिस्तान के बीच कुछ घंटों की शांति के बाद मंगलवार रात एक बार फिर खूनी टकराव हुआ। कुर्रम जिले के खैबर पख्तूनख्वा में पाकिस्तानी अफगान तालिबान और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच जोरदार भिडंत हुई। पाकिस्तान ने इस ताजा टकराव पर फिर से वही पुराना नैरेटिव बयान किया है। पीटीवी के अनुसार अफगान तालिबान और फि़त्ना अल-ख़वारिज ने कुर्रम में बिना उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी। पाकिस्तानी सेना ने पूरी ताकत और तीव्रता से जवाब दिया। इस लड़ाई में दोनों ओर से कई टैंकों के नुकसान होने की खबर है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के पोस्ट पर कब्जा करने का दावा किया है। इससे पहले इन दोनों पड़ोंसियों की लड़ाई सऊदी अरब और कतर के दखल के बाद खत्म हुई थी। लेकिन कल ही पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा था कि बॉर्डर पर हालत तनावपूर्ण हैं और दोनों देशों के बीच कभी भी लड़ाई भडक़ सकती है। इसके ठीक बाद मंगलवार रात को लड़ाई भडक़ ही गई। पाकिस्तान ने सूत्रों के आधार पर दावा किया है कि पाकिस्तान के हमले में कई तालिबान चौकियों को भारी नुकसान पहुंचा और उनकी चौकियों से आग की लपटें उठती देखी गईं।
टैरिफ के बाद चिनपिंग ने उठाया कदम, ट्रंप बोले- चीन जानबूझकर परेशान कर रहा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने मंगलवार को चीन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह जानबूझकर अमेरिकी सोयाबीन किसानों से खरीदारी नहीं कर रहा है। इसे आर्थिक दुश्मनी बताते हुए ट्रंप ने चीन के साथ खाद्य तेल और अन्य व्यापारिक रिश्तों को खत्म करने की धमकी दी है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा, हम आसानी से खाद्य तेल खुद बना सकते हैं, हमें इसके लिए चीन की जरूरत नहीं। यह बयान ऐसे समय में आया है, जब अमेरिका में सोयाबीन की फसल शुरू हो चुकी है, लेकिन चीन ने इस बार एक भी खरीदारी नहीं की, जिससे कीमतें गिर रही हैं और किसान संकट में हैं। चीन अब दक्षिण अमेरिका से सोयाबीन खरीद रहा है। लेकिन पहले वह अमेरिकी सोयाबीन का सबसे बड़ा खरीदार था। सितंबर में अकेले अर्जेंटीना से 20 लाख टन सोयाबीन खरीदा गया। यह कदम ट्रंप प्रशासन की ओर से लगाए गए नए टैरिफ के जवाब में देखा जा रहा है।
