टोटल रिकॉल/शादियों में होने वाली फिजूलखर्ची से हमेशा बचें: मुख्यमंत्री

शादियों में होने वाली फिजूलखर्ची से हमेशा बचें: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विवाह समारोह में बढ़ती फिजूलखर्ची पर चिंता जताते हुए सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा निभाने की अपील की। वे शनिवार को मुख्यमंत्री निवास से शुजालपुर में हुए सर्व धर्म सामूहिक विवाह सम्मेलन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि मितव्ययिता बेहद जरूरी है। इसलिए शादी-ब्याह में होने वाले फिजूलखर्ची से हमेशा बचें। अपने बेटे-बेटियों का विवाह/निकाह सामान्य समारोह या सामूहिक विवाह सम्मेलन में ही करें। इससे जो धन बचे, वह अपने बच्चों के बेहतर जीवन के लिए बचाकर रखें।

वन विभाग… वाइल्ड लाइफ एचओडी की कुर्सी पर नजर, लॉबी सक्रिय
वन महकमे में शीर्ष स्तर पर होने वाले संभावित फेरबदल को लेकर वन भवन के गलियारों में हलचल तेज हो गई है। 1991 बैच के आईएफएस अधिकारी शुभ रंजन सेन के वन बल प्रमुख बनने के बाद विभाग में कई अहम पदों पर नई पदस्थापना की चर्चा जोर पकडऩे लगी है। इसी सप्ताह वन्य प्राणी, वन विकास निगम और राज्य लघु वनोपज संघ जैसे महत्वपूर्ण पदों को लेकर फैसला हो सकता है। विभागीय हलकों में चल रही चर्चाओं के अनुसार पोस्टिंग के इस संभावित दौर में वरिष्ठ अधिकारियों की लॉबी भी सक्रिय हो गई है और अपने-अपने समीकरण मजबूत करने की कोशिशें तेज हैं। सूत्रों का कहना है कि 1989 बैच के आईएफएस और वर्तमान में वन विकास निगम के प्रबंध संचालक एचयू खान को प्रतिनियुक्ति पर ही राज्य लघु वनोपज संघ का प्रबंध संचालक बनाए जाने पर विचार चल रहा है। यदि ऐसा होता है तो 1990 बैच के आईएफएस और पीसीसीएफ (अनुसंधान एवं विस्तार) विभाष कुमार ठाकुर को वन विकास निगम की कमान सौंपी जा सकती है।

11,498 करोड़ के शराब ठेकों में से सिर्फ 458 करोड़ के ऑफर
मप्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शराब दुकानों के ठेकों की नीलामी का तीसरा राउंड भी ठंडा रहा। आबकारी विभाग ने इस चरण में प्रदेश के 50 जिलों में 407 समूहों के लिए टेंडर जारी किए थे, जिनकी कुल रिजर्व प्राइस 11,498.68 करोड़ रुपए निर्धारित की गई थी। सूत्रों के अनुसार, पूरे प्रदेश में शनिवार को 15 जिलों में 36 समूहों के लिए ही 60 टेंडर प्राप्त हुए। इन बोलीदाताओं ने कुल 458.38 करोड़ रुपए के ऑफर दिए, जो निर्धारित रिजर्व प्राइस का महज करीब 4 फीसदी है। ठंडे रिस्पॉन्स के पीछे ठेकों की बढ़ी कीमत है। कई जिलों में ठेकेदारों ने बोली लगाने से दूरी बनाए रखी। इधर, आबकारी विभाग ने अब रणनीति बदलने का फैसला किया है। अगले चरण में दुकानों के छोटे समूह बनाकर नीलामी कराने की तैयारी है। तीसरे राउंड में कई प्रमुख जिलों में भी ठेकेदारों ने रुचि नहीं दिखाई। भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, सागर और देवास जैसे बड़े जिलों में भी एक भी टेंडर नहीं आया।

सिलावट गुमराह करते हैं, उनकी बातों पर भरोसा नहीं किया जा सकता
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को सांवेर में ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में मंत्री तुलसी सिलावट पर तीखा हमला बोला। पटवारी ने कहा कि सिलावट जनता को गुमराह करते हैं, उनकी बातों पर भरोसा नहीं किया जा सकता। मंच से सिलावट की शैली की नकल करते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा कि मंत्री सीधे खड़े होकर भी ठीक से बात नहीं कर पाते और अक्सर लोगों को बहाने बनाकर टाल देते हैं। पटवारी ने वहां मौजूद एक महिला से सवाल किया कि क्या सिलावट झूठ बोलते हैं। इस पर महिला ने जवाब दिया कि वे तो उनकी कॉलर पकडऩे तक को तैयार रहती हैं, क्योंकि हर बार वादे कर उन्हें टाल दिया जाता है।

Related Articles