बिच्छू डॉट कॉम: टोटल रिकॉल/अपराधी को जमीन से खोदकर ढूंढ़ निकालेगी मप्र पुलिस, एनकाउंटर होगा

अपराधी को जमीन से खोदकर ढूंढ़ निकालेगी मप्र पुलिस, एनकाउंटर होगा
रायसेन गोहरगंज में 6 साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी पर हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि अपराधी को मप्र पुलिस जमीन से खोदकर ढूंढ निकालेगी। उसका एनकाउंटर किया जाएगा। वह बच नहीं सकता। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर हिंदू समाज का आक्रोश स्वभावित है और होना भी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराधी पर इनाम घोषित कर दिया है। जरूरी हुआ तो इनाम बढ़ाकर उसके एनकाउंटर की तैयारी है, वहां जहां भी मिलेगा मार दिया जाएगा। विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि अगर अपराधी के बारे में किसी को जानकारी है, तो वो पुलिस को बतादें। मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपराधी को खोजने के लिए मप्र पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं। अपराधी कहीं भी छुपा है, वह बच नहीं सकता है।

अफसरों को हटाने से अपराध रुकते हों तो एक बार में सभी एसपी बदल दीजिए
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी बुधवार को भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचे, जहां उन्होंने 6 वर्ष की मासूम रेप पीडि़त बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पटवारी ने एम्स के डॉक्टरों से विस्तृत चर्चा कर बच्ची के इलाज, सुरक्षा और आगे की चिकित्सा जरूरतों के संबंध में जानकारी ली और पार्टी की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस मौके पर पटवारी ने मीडिया से चर्चा में कहा कि इस पीड़ा को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। रेप के आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर उसे कड़ी सजा दी जाए, ताकि समाज में कड़ा संदेश जाए। उन्होंने कहा कि मप्र में रोजाना मासूम बेटियों के साथ हो रहे अपराधों ने प्रदेश का सिर शर्म से झुका दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मप्र में कानून-व्यवस्था खत्म हो चुकी है, मासूम बेटियों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को दिया जाएगा नेशनल अवॉर्ड
ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम के तहत मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा किए जा रहे कार्यों को पीआरएसआई नेशलन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। यह अवॉर्ड आगामी 13 से 15 दिसंबर 2025 तक देहरादून में आयोजित 47वीं आल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिया जाएगा। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने कंपनी को मिले इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बिजली क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों जिनमें रिवेम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के तहत किए विद्युतीय निर्माण और प्रणाली सुदृढ़ीकरण कार्यों के साथ ही शासन की योजनाओं, अटल कृषि ज्योति योजना, अटल गृह ज्योति योजना एवं अन्य सभी उपभोक्ता हित की योजनाओं का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए यह अवॉर्ड दिया जा रहा है।

विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाई जाए
पूर्व मंत्री एवं विधायक सचिन यादव ने विधानसभा सत्र की अवधि छोटी होने पर ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा का सत्र छोटा होना सरकार की सोची-समझी चाल है। आज प्रदेश में कई मुद्दे हैं, जिन पर सार्थक चर्चा की आवश्यकता है, ताकि जन समस्याओं का समाधान हो सके। जिस तरह सरकार ने मात्र 4 दिन का सत्र आहूत किया है, उससे सरकार की मंशा स्पष्ट रूप से सामने आ रही है कि वह जनता के सवालों के जवाब देना नहीं चाहती है। प्रदेश का अन्नदाता परेशान है, खाद को लेकर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं, उपज का उचित दाम नहीं मिल रहा है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। ऐसे कई विषय हैं, जिन पर विधानसभा में चर्चा होना चाहिए। मेरा सरकार से अनुरोध है कि विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाई जाए।

Related Articles