
10वीं की एक कापी 15 और 12वीं का 16 रुपए में होगा मूल्यांकन
मूल्यांकनकर्ता को हाईस्कूल की हर कापी का मूल्यांकन करने पर 15 रुपये और हायर सेकेंडरी की कापी का मूल्यांकन करने पर 16 रुपये दिए जाएंगे। मुख्यालय के बाहर से आने वाले शिक्षकों को 180 रुपये वाहन भत्ता व स्थानीय शिक्षकों को 130 रुपये भत्ता दिया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि नई व्यवस्था से मूल्यांकन की प्रक्रिया तेज होगी और परिणाम समय पर घोषित किए जा सकेंगे। साथ ही फर्जी उपस्थिति, देरी और लापरवाही पर भी नियंत्रण रखा जा सकेगा। इस बार बोर्ड परीक्षा जल्द शुरू की गई है, परिणाम भी जल्द घोषित किए जाएंगे। परीक्षा में करीब 16 लाख विद्यार्थियों की सवा करोड़ उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। माशिमं के सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य का कहना है कि नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य मूल्यांकन कार्य की गति बढ़ाना, समय पर परिणाम जारी करना, मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना है। इससे बोर्ड परीक्षा परिणाम निर्धारित समय सीमा में जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
लाजिस्टिक शक्ति के रूप में स्थापित होगा डाक विभाग
केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हमारी सरकार ने संकल्प लिया है कि देश के डाक विभाग को विश्व की सबसे बड़ी लाजिस्टिक शक्ति के रूप में स्थापित किया जाए। इस दिशा में सरकार काम कर रही है। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया मंगलवार को उज्जैन में ग्रामीण डाक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सभी ग्रामीण डाक सेवक मेरे परिवार के सदस्य हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डाक विभाग देश के विकास में अपनी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह कर रहा है। डाक विभाग को तकनीकी रूप से सुदृढ बनाने के लिए कई कदम उठाए गए है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि देश में ग्रामीण डाक सेवक एक सैनिक की भांती कार्य कर रहे हैं। रेगिस्तान हो या पहाड़ों की चोटियां या मैदानी क्षेत्र हर एक स्थान पर ग्रामीण डाक सेवक निर्भीक रूप से पहुंचकर आमजन की सेवा कर रहे हैं।
पूर्व सीएम उमा भारती के स्वजन को बम से उड़ाने की धमकी
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद हडक़ंप मच गया है। उमा भारती की बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता गहुल लोधी ने देहात थाने में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पूर्व विधायक. राहुल सिंह लोधी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया जाता है कि घटनाक्रम 22 फरवरी की रात का है। उमिता लोधी के अनुसार उन्होंने 21 फरवरी को इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर एक पोस्ट साझा की थी। इसी पोस्ट पर 22 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे जीडब्ल्यू बृजेंद्र कुशवाहा नामक आइडी से एक विवादित और डरावना कमेंट आया। इस कमेंट में उमिता और उनके पति पूर्व राज्यमंत्री राहुल सिंह को जान से मारने और बम से उड़ाने की खुलीं धमकी दी गई।
मरीजों को उपचार राशि देने में भी धर्म देख रही सरकार
बजट पर चर्चा के दौरान भोपाल की उत्तर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने आरोप लगाया कि मरीजों को उपचार राशि देने में भी सरकार धर्म देख रही है। भोपाल की उत्तर विधानसभा क्षेत्र के साथ पक्षपात किया जा रहा है। मैंने मरीजों के उपचार के लिए 275 पत्र लिखे, लेकिन 10-15 स्वीकृत किए गए, इसमें भी सरकार धर्म, जाति, पार्टी को महत्व दे रही है। गरीबों के इलाज के लिए पैसे देने पर भी पक्षपात किया जा रहा है। नाले नालियों तक का प्रबंधन और स्ट्रीट लाइट नहीं। जबलपुर पूर्व से कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया सदन में आज फिर बोले, गंदे पानी की शीशियां लेकर पहुंचे। उन्होंने जबलपुर के वार्ड 13 का नमूना दिखाते हुए कहा किं शुद्ध जल की जांच के नाम पर मजाक किया जा रहा है। ओमती नाला समेत दो नालों के निर्माण के लिए 374 करोड़ का भुगतान किया, 2011 की योजना आज तक पूरी नहीं हुई।
