
कुंभ मेला में रुद्राक्ष की माला बेचने वाली मोनालिसा अब कलमा पढ़ रही: तोगडिय़ा
मध्य प्रदेश में मोनालिसा और फरमान के विवाह को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। भोपाल में एक कार्यक्रम में आये प्रवीण तोगडिय़ा ने मीडिया से बातचीत में मोनालिसा को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले वह रुद्राक्ष की माला बेचती थी और अब कलमा पढ़ रही है। उन्होंने घर वापसी से जुड़े सवाल पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि ऐसे मामलों को रोका जाए, तो वापसी की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में लव जिहाद चल रहा हैं। लव जिहाद को रोकने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि किसी भी बहन-बेटी को लव जिहाद का शिकार न होने दें। इस अवसर पर डॉ. तोगडिय़ा ने गौ हत्या पर बयान देते हुए कहा कि एक भी गौ हत्या नहीं होना चाहिए। सरकार को इस पर काम करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार को धर्मांतरण रोकने पर भी काम करना चाहिए। हिंदू समाज से जुड़े मुद्दों पर प्रवीण तोगडिय़ा ने बयान देते हुए कहा कि हिंदुओं की एकता सरकारों पर निर्भर नहीं है।
मंत्रियों से काम करवाने लाना होगा सांसद-विधायक का अनुशंसा पत्र
भाजपा प्रदेश कार्यालय में अभी तक पार्टी कार्यकर्ता राज्य सरकार के मंत्रियों से सीधे मुलाकात कर अपनी शिकायत या समस्या बताते थे। लेकिन अब कार्यकर्ताओं को मंत्रियों से कोई काम करवाना है तो उसके लिए सांसद-विधायक, जिलाध्यक्ष या पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी का अनुशंषा पत्र लेकर आना अनिवार्य होगा। बिना अनुशंषा पत्र के कार्यकर्ता मंत्रियों से सीधे नहीं मिल सकेंगे। प्रदेश भाजपा प्रदेश संगठन ने पांच माह पहले (1 दिसंबर 2025) से पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सहयोग सेल का गठन कर रोजाना दो मंत्रियों के बैठने की व्यवस्था की थी, ताकि पार्टी के कार्यकर्ता उनसे सीधे मिलकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकें। लेकिन अब पार्टी संगठन ने इस व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए शिकायत या समस्या लेकर आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए अनुशंषा पत्र साथ लेकर आना अनिवार्य कर दिया है। सांसद-विधायक या जिलाध्यक्ष के संज्ञान में आने पर कई शिकायतें जिलास्तर पर भी हल हो सकेंगी। प्रदेश कार्यालय सचिव श्याम महाजन की ओर से मंगलवार को सभी जिलाध्यक्षों को पत्र जारी कर जिलों से भोपाल आने वाले कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। इसमें कहा गया है कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मंशा के अनुरूप सहयोग सेल की कार्यप्रणाली में यह बदलाव किया गया है।
माशिमं अध्यक्ष का प्रभार रश्मि अरुण शमी को मिला
मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की अध्यक्ष का प्रभार एसीएस खाद्य रश्मि अरुण शमी को दिया गया है। मौजूदा माशिमं अध्यक्ष स्मिता भारद्वाज मंगलवार को सेवानिवृत हो गई। भारद्वाज के रिटायरमेंट से खाली हुए प्रमुख सचिव स्तर के एक पद वरिष्ठता के हिसाब से नरोन्हा प्रशासन अकादमी के डीजी सचिन सिन्हा को पदोन्नत कर अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) बनाया गया हैं। देर शाम इसके आदेश जारी कर दिए गए।
फैज अहमद डीओपीटी में अतिरिक्त सचिव बने
मप्र कैडर के सीनियर आईएएस अफसर फैज अहमद किदवई को केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। किदवई अभी तक केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय में डायरेक्टर जनरल सिविल एविएशन के पद पर पदस्थ थे। आईएएस छवि भारद्वाज भी डीओपीटी में प्रशिक्षण शाखा में संयुक्त सचिव के पद पर पदस्थ हैं। सरकार ने इस फेरबदल में विभागों की अदला-बदली का भी फॉर्मूला अपनाया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय में अब तक सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे संजय जाजू को चंचल कुमार की जगह पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय का नया सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, खान मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के तौर पर कार्यरत संजय लोहिया को वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।
