
- माशिमं ने कर्मचारी चयन मंडल से मांगी सूची
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दिसंबर के दूसरे सप्ताह में आवेदन कर चुके 34,200 शिक्षकों के लिए पात्रता परीक्षा आयोजित करेगा। इन इनमें लगभग 20 हजार सरकारी और 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक शामिल हैं। माशिमं के अधिकारियों ने आवेदन कर चुके उक्त शिक्षकों की सूची कर्मचारी चयन मंडल ईएसबी ये मांगी है। इस सूची के मिलने के बाद मंडल इनके प्रवेश पत्र नवंबर के अंत तक पोर्टल पर अपलोड कर देगा। बता दें कि प्रदेश के 1.5 लाख शिक्षकों को टीईटी परीक्षा देनी है, लेकिन इसमें पात्रता को लेकर कई विभाग की कोई स्पष्ट नीति नहीं जारी होने के चलते हजारों शिक्षकों ने आवेदन नहीं भरा, जबकि शासन सितंबर से प्रक्रिया शुरू कर 11 अक्टूबर तक तीन बार आवेदन करने का अवसर दे चुका। अब माध्यमिक शिक्षा मंडल, कर्मचारी चयन मंडल से आवेदकों की सूची मिलने के बाद जिला और संभागवार आंकड़ों का विश्लेषण करेगा। मंडल के सचिव बुद्धेश कुमार के अनुसार दिसंबर माह के दूसरे सप्ताह में परीक्षा आयोजित हो सकती है। मंडल ने तैयारियां शुरू कर दी है। परीक्षा केंद्र जिला और संभागवार सूची से तय किए जाएंगे। शहरी और ग्रामीण शिक्षकों के लिए अलग-अलग परीक्षा केंद्र सूची जारी होगी।
57 साल से अधिक उम्र वालों को राहत
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार 57 वर्ष से अधिक आयु वाले और जिनकी सेवानिवृत्ति में पांच साल या उससे कम समय बचा है, उन्हें टीईटी से राहत दी गई है। हालांकि, बिना टीईटी पास किए वे पदोन्नति के पात्र नहीं होंगे। शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 की धारा 23 के तहत टीईटी की अनिवार्यता को नौकरी और पदोन्नति से जोड़ा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि करीब 32 हजार शिक्षकों की पदोन्नति के लिए टीईटी पास करना होगा। सेवारत शिक्षकों के लिए परीक्षा उत्तीर्ण करने की अंतिम समय सीमा 31 अगस्त 2028 तय की गई है।
