
- भोपाल में होगा एक करोड़ कुंकुमार्चन
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। राजधानी भोपाल की सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना से 26 अक्टूबर को लाल परेड ग्राउंड में मां राजराजेश्वरी कोटि हरिद्रा कुंकुमार्चन महानुष्ठान होगा। संत रावतपुरा सरकार के सान्निध्य में होने वाले इस भव्य आयोजन में करीब 50 हजार श्रद्धालु और 1100 आचार्य शामिल होंगे। खास बात यह है कि पहली बार इतने बड़े स्तर पर सामूहिक श्रीविद्या साधना के लिए श्रद्धालुओं को आसन, पूजन की थाली, सामग्री और आचार्यों की व्यवस्था पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। किसी तरह का पंजीयन शुल्क भी नहीं होगा। करीब ढाई घंटे के अनुष्ठान में एक करोड़ अर्चन, हवन और आरती होगी। पूजन के बाद श्रद्धालु अभिमंत्रित थाली और सामग्री घर भी ले जा सकेंगे। आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि श्रद्धालुओं को पूजन के लिए घर से कोई सामग्री लाने की जरूरत नहीं होगी। बैठने के लिए आसन, पूजन की थाली, हल्दी, कुमकुम, सिंदूर, फूल, कलश और अन्य पूजन सामग्री आयोजन स्थल पर ही उपलब्ध कराई जाएगी।
पूजन के बाद घर ले जा सकेंगे अभिमंत्रित सामग्री: करीब ढाई घंटे चलने वाले इस दिव्य अनुष्ठान में ललिता सहस्रनाम के एक हजार नामों का उच्चारण करते हुए अर्चन, हवन और आरती की जाएगी। पूजन के बाद श्रद्धालु अपनी थाली और पूजित सामग्री अपने साथ घर ले जा सकेंगे। आयोजकों के अनुसार, श्रद्धालु इसे अपने घर के पूजा स्थल पर रख सकेंगे।
