
बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश के शहरों में आधुनिक अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए 28 अक्टूबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में राज्य स्तरीय अर्बन कॉन्क्लेव आयोजित होगा। इसमें अर्बन चैलेंज फंड के तहत स्वीकृत 2,753.10 करोड़ रुपए की परियोजनाओं को गति देने के लिए वित्तीय संस्थानों और बैंकों के साथ अनुबंध किए जाएंगे। कॉन्क्लेव में परियोजनाओं की भौतिक प्रगति, वित्तीय प्रबंधन और समयसीमा में काम पूरा करने की रणनीति पर मंथन होगा। अर्बन चैलेंज फंड के तहत इंदौर, उज्जैन और रीवा की प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं। इंदौर में जलप्रदाय वितरण तंत्र को मजबूत करने के साथ सीवरेज नेटवर्क और उपचार संयंत्रों का उन्नयन किया जाएगा। धार्मिक नगरी उज्जैन में एकीकृत मंदिर क्षेत्र विकास परियोजना पर काम होगा, जबकि रीवा में सर्वसमावेशी जलप्रदाय योजना को आगे बढ़ाया जाएगा।
