दोहरा गोल्ड: पुरुष और महिला दोनों टीमों ने फाइनल में ईरान को धूल चटाकर जीता पदक

दोहरा गोल्ड

बिच्छू डॉट कॉम। एशियन गेम्स में भारतीय कबड्डी टीमों ने एक ही दिन स्वर्णिम इतिहास रच दिया। भारतीय महिला और पुरुष दोनों टीमों ने अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में कड़े प्रतिद्वंद्वी ईरान को शिकस्त देकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। महिला टीम ने रोमांचक फाइनल में ईरान को 37-34 से मात दी, तो वहीं इसके तुरंत बाद पुरुष टीम ने भी ईरान को 40-34 से हराकर एशियन गेम्स में 9वीं बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया। शनिवार को मिली इस जीत के साथ पुरुष टीम ने एशियन गेम्स में लगातार 10वां मेडल हासिल किया, जबकि महिला टीम ने लगातार 5वें एशियाड में पदक जीतने का रिकॉर्ड कायम रखा। भारत ने अब तक 4 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज सहित 28 मेडल जीत लिए हैं। टीम 10वें स्थान पर है। एथलेटिक्स में सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड का समय निकालते हुए सिल्वर मेडल जीता। एशियन गेम्स की पुरुष मैराथन (42 किमी) में भारत को 44 साल बाद कोई पदक मिला है। इससे पहले भारत ने 1982 के दिल्ली एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज जीता था। 18 वर्षीय अनाहत सिंह ने विमेंस सिंगल्स और अभय सिंह ने मेंस सिंगल्स के फाइनल में प्रवेश कर इतिहास रच दिया। एशियन गेम्स के इतिहास में यह पहला मौका है जब भारत के दो खिलाड़ी सिंगल्स कैटेगरी के फाइनल में पहुंचे हैं।

Related Articles