संकट में थी बेटियों की पढ़ाई और 2017 से पहले गरीबों का राशन बिचौलियों ने हड़पा

यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सपा की पिछली सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा की सरकार के दौरान खराब कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में गुंडों और अपराधियों का बोलबाला था और उन्होंने माहौल खराब कर दिया था। लखनऊ में एक कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा-उस समय एक कहावत बहुत प्रचलित थी, देख सपाई, बिटिया घबराई। गुंडे और अपराधियों ने माहौल को खराब कर दिया था। प्रदेश में असुरक्षा का माहौल था और परिवार अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे। उस दौरान कई जिलों में बेटियों की पढ़ाई भी संकट में थी। स्कूल, कॉलेजों में जरूरी संसाधनों की कमी थी और जो संस्थान थे वहां भी सुरक्षित माहौल नहीं था।  योगी का कहना है कि 2017 से पहले लोगों को सरकारी योजनाओं का भी ठीक से लाभ नहीं मिल पाता था। बिचौलिए और दबंग गरीबों का राशन और पेंशन तक हड़प लेते थे। सपा के संरक्षण में माफिया गरीबों की जमीन पर कब्जा करते थे। आज प्रदेश से माफिया सफाया हो चुका है।

Related Articles