शुक्रवार को सरकारी दफ्तरों में फील्ड डे

  • मंत्रालय, सतपुड़ा-विंध्याचल भवन और कलेक्ट्रेट में धीमी पड़ी फाइलों की रफ्तार

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मध्य प्रदेश में सरकारी दफ्तरों के पांच दिन के कार्य सप्ताह के बीच शुक्रवार अब कई विभागों के लिए ‘फील्ड डे’ बनता जा रहा है। जन विश्वास अभियान के तहत हर शुक्रवार मुख्यमंत्री, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी जिलों के दौरे पर रहते हैं। इस सप्ताह स्थिति यह रही कि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लगातार दो दिन भोपाल से बाहर रहे। इसका असर मंत्रालय सहित विभागाध्यक्ष कार्यालयों और अन्य सरकारी दफ्तरों में प्रशासनिक कामकाज पर दिखाई दिया। वहीं गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई थी। अधिकारी संबंधित जिलों में पहुंचे। अगले दिन शुक्रवार को जन विश्वास अभियान के तहत भी अधिकांश अधिकारी उन्हीं जिलों में सरकारी योजनाओं और विभागीय कामकाज का जायजा लेने के लिए फील्ड में रहे। नतीजतन मंत्रालय, सतपुड़ा भवन और विंध्याचल भवन में कर्मचारी तो नियमित रूप से पहुंचे, लेकिन कई मामलों में फाइलों पर निर्णय, अनुमोदन और बैठकों की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
मंत्रालय में विभिन्न कामों के लिए दूरदराज के जिलों से पहुंचे लोगों को वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति का सामना करना पड़ा। कई मामलों में अधिकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। कुछ लोग बिना काम कराए वापस लौट गए। अधिकारियों के फील्ड में रहने से विभागीय स्तर पर उन प्रस्तावों और फाइलों पर निर्णय प्रभावित हुए, जिनमें वरिष्ठ स्तर की मंजूरी जरूरी थी। शुक्रवार शाम मंत्रालय के कई कर्मचारी भी निर्धारित समय से पहले कार्यालय से निकल गए।
गुरुवार से शुरू हुआ असर
इस सप्ताह प्रशासनिक कामकाज पर असर लगातार दो दिन रहा। गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के लिए जिलों में भेजे गए अधिकारी शुक्रवार को जन विश्वास अभियान के तहत भी मैदानी गतिविधियों में जुटे रहे। शुक्रवार शाम तक अधिकारियों की भोपाल वापसी हुई। मुख्यमंत्री का जन विश्वास अभियान 7 अगस्त से शुरू हुआ था और शुक्रवार को इसका छठा चरण था। अभियान के तहत हर शुक्रवार अधिकारी जिलों में जाकर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, विभागीय कामकाज और आम लोगों से जुड़े मामलों की जानकारी लेते हैं।
पांच दिन के सप्ताह में शुक्रवार की नई चुनौती
प्रदेश में सरकारी कार्यालयों में फाइव डे वीक अप्रैल 2021 से लागू है। सामान्य प्रशासन विभाग के 8 अप्रैल 2021 के आदेश के बाद शनिवार और रविवार को अवकाश रहता है। कार्यालयों का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया था। ऐसे में सप्ताह में पांच कार्यदिवस में से शुक्रवार को बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारियों के फील्ड में रहने से मंत्रालय और विभागाध्यक्ष कार्यालयों के नियमित कामकाज की रफ्तार प्रभावित होने का सवाल उठ रहा है। इस सप्ताह शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण अब मंत्रालय और अन्य सरकारी कार्यालयों में नियमित प्रशासनिक गतिविधियां सोमवार से ही पूरी गति से शुरू होंगी। सवाल यह है कि जनता से सीधा संवाद बढ़ाने वाले फील्ड अभियान और राजधानी में लंबित प्रशासनिक निर्णयों के बीच बेहतर तालमेल कैसे बनाया जाए।

Related Articles