भोपाल की ‘फील्डिंग’ के बाद दिल्ली में नरोत्तम मिश्रा की ‘बैटिंग’

नरोत्तम मिश्रा
  • पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले नरोत्तम मिश्रा, अटकलें तेज

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। दतिया उपचुनाव के बाद कुछ दिनों तक खामोश रहे पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा फिर से सक्रिय हुए है। हाईकमान के बुलावे के बाद दिल्ली पहुंचे डॉ. मिश्रा की गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन से बंद कमरे में लगभग एक घंटे हुई मुलाकात के बाद उन्हें लेकर अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं। क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल और वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मुलाकात के बाद डॉ. यादव दिल्ली पहुंचे है। उनकी पार्टी अध्यक्ष से यह मुलाकात दतिया उपचुनाव हारने के ठीक एक महीने बाद हुई है। ऐसे कयास लगाए जा रहे है कि दतिया उपचुनाव के बाद पार्टी संगठन में चल रही कवायद के बीच उनसे पार्टी अध्यक्ष द्वारा विशेष मंत्रणा की गई है। विशेषकर उनके जिले दतिया में नए सिरे से संगठन खड़ा करने को लेकर उनकी राय जानी गई है। क्योंकि उपचुनाव में पराजय मिलने के बाद पार्टी नेतृत्व ने दतिया जिला संगठन वहां के सभी मोर्चा प्रकोष्ठों को पूरी से भंग कर दिया था। लगभग एक माह बाद भी अब तक दतिया भाजपा को नया अध्यक्ष नहीं मिल सका हैं। उल्लेखनीय है कि क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने गुरूवार को भोपाल में डॉ. मिश्रा के आवास पहुंचकर उनसे बंद कमरे में मुलाकात की थी। इसके उपरांत उनकी वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से भी भेंट हुई है। बताया गया है कि डॉ. मिश्रा शुक्रवार को राजधानी के कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन गुरूवार की रात्रि में उन्हें शुक्रवार को दिल्ली पहुंचने का फरमान मिला, जिससे उन्होंने अपने सभी पूर्वनिर्धारित कार्यक्रमों को निरस्त कर दिए और दिल्ली पहुंच गए।
एक चर्चा ये भी
राजनीति की नब्ज समझने वाले पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और डॉ. मिश्रा की मुलाकात को उत्तरप्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव से जोडक़र देख रहे है। कहा जा रहा है कि पार्टी डॉ. मिश्रा का उपयोग यूपी चुनाव के लिए अभी से करना चाहती है। ऐसे में पार्टी उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर कोई बड़ी जिम्मेदारी देकर यूपी भेज सकती है। ऐसा भी कहा जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चा की हो और उन्हें पार्टी संगठन के जरिए फिर से अहम जिम्मेदारी दी जाए।

Related Articles