उपचुनाव का कार्यक्रम जारी, 29 सितंबर को होगा मतदान

राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उपनिर्वाचन वर्ष 2026 पूर्वार्ध का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। उपचुनाव के लिए 29 सितंबर को मतदान होगा। नगरीय निकायों में मतदान सुबह 7 से शाम 5 बजे तक और पंचायतों में सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक होगा। निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन और नाम निर्देशन पत्र जमा करने की प्रक्रिया 8 सितंबर से शुरू होगी। नामांकन की अंतिम तारीख 15 सितंबर है। 16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तारीख 18 सितंबर है और इसी दिन चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। नगरीय निकाय उपचुनाव में आगर-मालवा जिले की नगर परिषद सुसनेर, टीकमगढ़ नपा परिषद और धार जिले की नगर परिषद कुक्षी के अध्यक्ष पद शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न नगरीय निकायों के 26 पार्षद पदों पर भी उपचुनाव होगा। मतगणना 3 और 5 अक्टूबर को होगी। पंचायत उपचुनाव में जिला पंचायत सदस्य के 7, जनपद पंचायत सदस्य के 28, सरपंच के 110 और पंच के 4,090 पदों के लिए मतदान होगा।


Related Articles