एससीओ शिखर सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई। इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन युद्ध को तुरंत समाप्त करने और शांतिपूर्ण समाधान तलाशने पर बल दिया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने सम्मेलन के दौरान कई अन्य वैश्विक नेताओं और प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। इससे पहले उन्होंने ईरान, किर्गिस्तान और अर्मेनिया के राष्ट्राध्यक्षों से द्विपक्षीय मुलाकात की। वे ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान से भी मिले। मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन संघर्ष पर भारत का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत हमेशा से शांतिपूर्ण समाधान का पक्षधर रहा है। उन्होंने कहा-युद्ध का हर गुजरता दिन मानवता को पीछे धकेल रहा है। हिंसा समाप्त करने की दिशा में अब सभी पक्षों को पूरी गंभीरता से प्रयास करने होंगे। भारत शांति की बहाली के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि भारत और रूस के बीच रणनीतिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने भारत के साथ प्रगाढ़ होते संबंधों का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत प्रयासों और दृष्टिकोण को दिया।
