इस्मा ने कहा- भारत में चीनी की कमी नहीं, सट्टेबाजी से बढ़ीं कीमतें

बिच्छू डॉट कॉम। देश में चीनी की बढ़ती कीमतों से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। उद्योग जगत की प्रमुख संस्था इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (इस्मा) ने स्पष्ट किया है कि भारत में चीनी की कोई कमी नहीं है। संस्था को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में खुदरा कीमतों में गिरावट आएगी, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी। इस्मा के अध्यक्ष नीरज शिरगाओकर के अनुसार, कीमतों में हालिया उछाल के पीछे कई कारण रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि बाजार में सट्टेबाजी और व्यापारियों द्वारा अत्यधिक भंडारण के कारण कृत्रिम कमी का माहौल बना, जिससे मांग और दाम बढ़े। इसके साथ ही कम बारिश या अत्यधिक गर्मी के कारण गन्ने की फसल प्रभावित हुई, जिससे चीनी का कुल उत्पादन अनुमान से कम रहा। संस्था के अनुसार, नए पेराई सत्र की शुरुआत और सट्टेबाजी पर लगाम लगने से बाजार में आपूर्ति सुधरेगी, जिससे खुदरा कीमतें तेजी से नीचे आएंगी। इस्मा के अध्यक्ष ने कहा-सितंबर के अंत में चीनी का क्लोजिंग स्टॉक 35 लाख टन होगा। इसके अलावा, मिलें लगभग 15 अक्टूबर तक परिचालन शुरू कर देंगी और अक्टूबर महीने में लगभग 10-12 लाख टन उत्पादन करेंगी।

Related Articles