चुनौतियों को अवसर में बदला… मप्र में व्यापार चार गुना बढ़ाएं

व्यापार
  • सीएम ने नई दिल्ली में निवेशकों को दी एमपी की खूबियों की जानकारी

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को नई दिल्ली के एक निजी होटल में आयोजित फायरसाइड चैट ऑन एमपी-अनलॉकिंग द हार्ट ऑफ इंडिया को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने देश-विदेश के निवेशकों को मध्य प्रदेश में निवेश का न्योता दिया। सीएम ने स्पष्ट किया कि मध्य प्रदेश अब बीमारू राज्य के ठप्पे से पूरी तरह मुक्त होकर देश का सबसे तेज गति से विकास करने वाला प्रदेश बन चुका है। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि राज्य में अनुकूल नीतियां, सिंगल विंडो प्रणाली, पर्याप्त ऊर्जा और रणनीतिक कनेक्टिविटी उपलब्ध है। उन्होंने उद्योगपतियों से आह्वान किया कि वे मध्य प्रदेश में आकर अपने व्यापार-व्यवसाय को चार गुना बढ़ाएं। सीएम ने कहा-मप्र असीम संभावनाओं और अनंत अवसरों की भूमि है। हमारी संस्कृति ऐसी है कि जो एक बार यहां आता है, वापस नहीं जाता। आप यहां आकर कभी निराश नहीं होंगे। बिना किसी संकोच के निवेश कीजिए, सरकार की उद्योग-मित्र नीतियों का लाभ उठाइए और अपना व्यवसाय चार गुना बढ़ाकर देश की प्रगति में योगदान दीजिए।
बीमारू टैग को हटाया
देश के साथ-साथ हमारा मध्य प्रदेश भी बदल रहा है। कभी मध्य प्रदेश पर बीमारू राज्य होने का टैग लगा दिया गया था, जिसे हमने पूरी तरह से हटा दिया है। चुनौतियों को पहचानकर हमने उन्हें तरक्की के अवसरों में बदल दिया। कृषि के साथ-साथ अब हम औद्योगिक प्रगति में भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
ग्रीन इकोनॉमी का नया केंद्र बनेगा एमपी
मुख्यमंत्री ने कहा-मध्य प्रदेश ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग हब बनने की दिशा में कदम बढ़ा चुका है। हम सौर और पवन ऊर्जा के बड़े पैमाने पर उपयोग के साथ स्वच्छ ऊर्जा आधारित उद्योगों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे राज्य को वैश्विक ग्रीन इकोनॉमी में महत्वपूर्ण स्थान मिलेगा।
निवेशकों के दीर्घकालिक साझेदार हम
सीएम ने कहा-हम चाहते हैं कि निवेशक मध्य प्रदेश को केवल एक निवेश स्थल के रूप में न देखें, बल्कि अपने विकास के दीर्घकालिक साझेदार के रूप में देखें। राज्य सरकार आपकी परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए कदम से कदम मिलाकर चलने को प्रतिबद्ध है।
निवेश के उभरते क्षेत्र
टेक्सटाइल एवं गारमेंट, फार्मास्यूटिकल्स, ऑटो मोबाइल, सेमी कंडक्टर, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, खाद्य प्रसंस्करण और रिन्यूएबल एनर्जी में निवेश की व्यापक संभावनाएं।
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस
निवेशकों के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस, डिजिटल प्रक्रियाएं, संस्थागत सुधार और समयबद्ध अनुमतियों की व्यवस्था।
विकसित कनेक्टिविटी
मध्य प्रदेश की भौगोलिक स्थिति और विकसित रोड, रेल व एयर नेटवर्क वैश्विक सप्लाई चेन से जोडऩे में मददगार।
विजन 2047
समृद्ध मध्य प्रदेश 2047 और विकसित भारत 2047′ के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन व निर्यात क्षमता बढ़ाने पर विशेष फोकस।
समृद्ध मध्य प्रदेश का लक्ष्य
देश-विदेश के निवेशकों का मध्यप्रदेश में निवेश के लिए स्वागत है। मध्यप्रदेश निवेश, उद्योग और निवेशकों के सपनों के लिए तैयार है। आइए, मध्यप्रदेश के साथ मिलकर औद्योगिक विकास, रोजगार और समृद्धि के नए अध्याय का निर्माण करें। राज्य की भौगोलिक स्थिति, बेहतर सडक़, रेल और हवाई संपर्क हमारी बड़ी ताकत है। समृद्ध मध्य प्रदेश 2047 और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में निजी निवेश और रोजगार सृजन की महत्वपूर्ण भूमिका है।
डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री

Related Articles