- ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ ‘की उड़ान…

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
कभी सीमित संसाधनों के बीच ऑनलाइन पढ़ाई के सहारे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाली सतना की बेटी प्रिया सिंह ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो आज जिले की हर बेटी के लिए प्रेरणा बन गया है। प्रिया सिंह अब उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर अपनी सेवाएं देंगी। उनकी इस सफलता की कहानी सिर्फ एक प्रतियोगी परीक्षा में चयन की कहानी नहीं, बल्कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संकल्प से जुड़ी उस उड़ान की कहानी है, जिसमें सरकारी प्रयास, परिवार का साथ और बेटी की मेहनत मिलकर सफलता का रास्ता बनाते हैं। सतना शहर के मारुति नगर, शारदा कॉलोनी निवासी प्रिया सिंह ने उत्तर प्रदेश पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में 4,543 सफल अभ्यर्थियों के बीच ओवरऑल 379 वीं रैंक और गर्ल्स कैटेगरी में 28वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। प्रिया ने यह सफलता किसी महंगी निजी कोचिंग के भरोसे नहीं, बल्कि अपनी मेहनत और महिला एवं बाल विकास विभाग, सतना द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत संचालित ‘सशक्त वाहिनी अभियान’ की नि:शुल्क कोचिंग के माध्यम से प्राप्त की। प्रिया की कहानी उन बेटियों के लिए खास संदेश देती है, जो बड़े सपने तो देखती हैं, लेकिन संसाधनों की कमी को अपनी राह की बाधा मान लेती हैं। प्रिया ने भी अपनी तैयारी के दौरान ऑनलाइन अध्ययन के साथ विभाग की नि:शुल्क ऑफलाइन कक्षाओं का लाभ लिया। नियमित अध्ययन, अनुशासन और लगातार अभ्यास ने उनके आत्मविश्वास को मजबूत किया और धीरे-धीरे उनका सपना मंजिल की ओर बढ़ने लगा।
सपना हुआ साकार
प्रिया की सफलता में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की भावना भी साकार होती दिखाई देती है। यह उपलब्धि बताती है कि जब बेटियों को शिक्षा, अवसर और सही मार्गदर्शन मिलता है, तो वे न केवल अपने परिवार का नाम रोशन करती हैं, बल्कि समाज की दूसरी बेटियों के लिए भी नई राह बनाती हैं। ‘सशक्त वाहिनी अभियान’ के माध्यम से बेटियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना इसी सोच को मजबूती देता है।
